मानक चिह्न अंकित वस्तुओं से उपभोक्ताओं के अधिकार रहते हैं सुरक्षित : हरिशंकर शुक्ल
मानक चिह्न अंकित वस्तुओं से उपभोक्ताओं के अधिकार रहते हैं सुरक्षित : हरिशंकर शुक्
कटनी। भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) के सहयोग से अखिल भारतीय उपभोक्ता उत्थान संगठन द्वारा वन स्टॉप सेंटर शांतिनगर कटनी में हॉलमार्किंग एवं आईएसआई मार्क विषयक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर तथा सरस्वती स्व-सहायता समूह की महिलाओं को उपभोक्ता अधिकारों एवं गुणवत्ता मानकों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भारतीय मानक ब्यूरो के रिसोर्स पर्सन हरिशंकर शुक्ल ने कहा कि आईएसआई मार्क युक्त सामग्री तथा हॉलमार्किंग वाले आभूषण उपभोक्ताओं की सुरक्षा और अधिकारों की गारंटी प्रदान करते हैं। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे खरीदारी करते समय केवल आईएसआई मार्क वाली सामग्री एवं हॉलमार्क आभूषण ही खरीदें।
श्री शुक्ल ने बताया कि किसी भी प्रकार की उपभोक्ता ठगी या धोखाधड़ी की स्थिति में उपभोक्ता न्यायालय की शरण ले सकते हैं। उन्होंने उपभोक्ताओं को प्राप्त छह प्रमुख अधिकारों—सुरक्षा का अधिकार, सूचना का अधिकार, चयन का अधिकार, सुने जाने का अधिकार, क्षतिपूर्ति का अधिकार तथा उपभोक्ता शिक्षा के अधिकार—के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर की प्रशासनिक अधिकारी गायत्री तिवारी, संगठन की जिलाध्यक्ष प्रीति सेन, आराधना तिवारी एवं सुमन सैनी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की सहभागिता रही। अंत में उपस्थित महिलाओं को जागरूकता किट वितरित की गई।