चाकूबाजी कांड – पिता-पुत्र ने की थी कन्हैया की हत्या पुलिस हिरासत में

चाकूबाजी कांड में युवक की मौत, आरोपी पिता-पुत्र पुलिस हिरासत मे

कटनी। शहर के मंगलनगर क्षेत्र में रविवार दोपहर हुई चाकूबाजी की घटना ने दुखद मोड़ ले लिया। गंभीर रूप से घायल 25 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी और तनाव का माहौल है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता-पुत्र को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान कन्हैया गौड़ (25 वर्ष), पिता लाल बहादुर गौड़, निवासी मंगलनगर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रविवार दोपहर करीब 2 बजे पड़ोस में रहने वाले रमेश यादव का किसी बात को लेकर कन्हैया गौड़ से विवाद हो गया। इसी दौरान रमेश यादव का पुत्र रितेश यादव, जो कथित तौर पर नशे की हालत में था, पहले कन्हैया के बड़े भाई से विवाद करने लगा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद बढ़ने पर बीच-बचाव करने पहुंचे कन्हैया गौड़ पर रितेश यादव ने घर में रखे चाकू से हमला कर दिया। हमले में कन्हैया गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर होने पर जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन एंबुलेंस से घायल को जबलपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में स्लीमनाबाद के पास उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को वापस जिला अस्पताल कटनी लाया गया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।

घटना की सूचना मिलने पर रंगनाथ थाना पुलिस सक्रिय हुई और आरोपी रमेश यादव तथा उसके पुत्र रितेश यादव को हिरासत में ले लिया। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।

Exit mobile version