कटनी में चाकूबाजी की वारदात: युवक की इलाज के दौरान मौत, हत्या की जांच में जुटी पुलिस

कटनी में चाकूबाजी की वारदात: युवक की इलाज के दौरान मौत, हत्या की जांच में जुटी पुलि
कटनी। शहर के रंगनाथ थाना क्षेत्र के मंगलनगर में रविवार को हुए चाकूबाजी के मामले ने दुखद मोड़ ले लिया। अज्ञात हमलावरों द्वारा चाकू से किए गए जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के लिए जबलपुर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, घायल युवक कन्हैया गोंड (25 वर्ष) को पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया, लेकिन स्लीमनाबाद के पास रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मृतक का मंगलनगर निवासी एक यादव युवक से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद उस पर चाकू से हमला किया गया। हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है और विवाद के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही रंगनाथ थाना पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात और युवक की मौत से क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।








