निगम की जनसुनवाई में महापौर प्रीति सूरी सख्त: एक-एक प्रकरण पर हुई नागरिकों की सुनवाई,जनसमस्याओं के निराकरण में अधिकारियों की जवाबदेही तय, समय-सीमा में कार्रवाई कर आवेदकों को दें जानकारी

Picsart 26 10 27 19 03 14 681

निगम की जनसुनवाई में महापौर प्रीति सूरी सख्त: एक-एक प्रकरण पर हुई नागरिकों की सुनवाई,जनसमस्याओं के निराकरण में अधिकारियों की जवाबदेही तय, समय-सीमा में कार्रवाई कर आवेदकों को दें जानकार

 

कटनी – नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं स्थायी निराकरण के उद्देश्य से 27 अक्टूबर मंगलवार को नगर पालिक निगम कटनी में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनसुनवाई आयोजित की गई। महापौर ने जनसुनवाई को केवल आवेदन प्राप्त करने की औपचारिक प्रक्रिया तक सीमित न रखते हुए, शिकायतों के वास्तविक समाधान पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नागरिकों की समस्याओं का निराकरण केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि संबंधित समस्या का स्थायी समाधान धरातल पर दिखाई देना चाहिए, ताकि आवेदकों को वास्तविक राहत मिल सके।

 

जनसमस्याओं के समाधान में विभागीय समन्वय और जवाबदेही पर जोर

 

जनसुनवाई के दौरान पेयजल, ड्रेनेज, लोक निर्माण एवं आवास योजना सहित विभिन्न विभागों से संबंधित नागरिकों के प्रकरण हुए। महापौर श्रीमती संजीव सूरी ने एक एक प्रकरणों पर संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर समस्याओं की वस्तुस्थिति की जानकारी ली तथा निर्देशित किया कि जिन मामलों का निराकरण मौके पर संभव है, उनका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए। वहीं, जिन प्रकरणों में विस्तृत कार्यवाही आवश्यक है, उनमें समय-सीमा के अंदर कार्रवाई करते हुए आवेदकों को राहत प्रदान की जाए।

 

महापौर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर देते हुए कहा कि जनसमस्याओं के निराकरण में अनावश्यक विलंब न करते हुए नागरिकों की शिकायतों पर गंभीरता से कार्यवाही की जाए। उन्होंने पिछली जनसुनवाई में प्राप्त लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से प्रत्येक आवेदन की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि लंबित मामलों पर गंभीरता से कार्यवाही की जाए और निर्धारित समय-सीमा में उनका निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

इसे भी पढ़ें-  अनोखी परंपरा: मंदसौर में पूजा जाता है रावण, बेटियां-बहुएं सामने आते ही कर लेती हैं घूंघट, जानिए इसके पीछे की पौराणिक वजह

 

उन्होंने कहा कि आवेदकों को उनके आवेदन पर की गई कार्यवाही और उसकी वर्तमान स्थिति से भी अवगत कराया जाए, ताकि नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार निगम कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। जनसुनवाई की सार्थकता तभी है, जब शिकायतों पर समयबद्ध कार्यवाही हो और उनके समाधान का वास्तविक लाभ संबंधित नागरिक तक पहुंचे।

 

पारदर्शी और संवेदनशील प्रशासन से नागरिकों को मिले राहत

 

महापौर ने अधिकारियों एवं शाखा प्रभारियों को निर्देशित किया कि नगर निगम से संबंधित प्रत्येक कार्य में नागरिकों की सुविधा और जनहित को प्राथमिकता दी जाए। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पारदर्शिता के साथ पहुंचाना और नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करना निगम प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

 

उन्होंने अधिकारियों से नागरिकों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने, शिकायतों को गंभीरता से सुनने और उनके समाधान के लिए प्रभावी कार्यवाही करने की अपेक्षा की। जनसुनवाई के दौरान नगर निगम के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, कार्यपालन यंत्री, शाखा प्रभारी एवं तकनीकी अमला उपस्थित रहा।