Site icon Yashbharat.com

Indore Bank Rob : बैंक लूट में कर्मचारी, ग्राहक और पड़ोसी पर संदेह!

bank loot 19 06 2019 m

इंदौर। द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े हथियार के दम पर बैंक लूटने की घटना में पुलिस के हाथ कुछ खास नहीं लग पाया। मामले में बैंक कर्मचारी, ग्राहक और पड़ोसी संदेह के घेरे में हैं। शंका है कि बदमाशों ने कई दिन तक पूरे इलाके की रैकी की है।

अनुमान है कि मिलीभगत की वजह से सूचना मिलने पर बदमाश बैंक पहुंचे और चंद मिनटों में वारदात करके फरार हो गए। घटना के वक्त मौजूद प्रत्यक्षदर्शी और बैंककर्मियों से पूछताछ और कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। लुटेरों के भागने वाले रास्तों के सीसीटीवी फुटेज निकाले जा रहे हैं। चंदन नगर, द्वारकापुरी, अन्नपूर्णा थाना पुलिस के साथ ही क्राइम ब्रांच की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है।

द्वारकापुरी थाना पुलिस के मुताबिक मंगलवार को बैंक मैनेजर सत्यनारायण डाबी, आठ कर्मचारियों के साथ घटना के वक्त मौजूद आठ-दस महिला और पुरुषों से पूछताछ की गई। पुलिस ने इनके साथ-साथ बैंक के बाहर मौजूद कुछ लोगों की सूची तैयार की है। इनके भी बयान लिए जाएंगे। पुलिस ने पचास से अधिक कैमरों के फुटेज खंगाल लिए हैं। बदमाश फूटी कोठी चौराहे तक नहीं पहुंचे, बल्कि गलियों से निकलकर भागे है। वे बैंक में कैश आने के बाद पहुंचे थे। इससे शंका है कि उन्होंने कुछ दिन रेकी की है। आशंका है कि वारदात में कुछ स्थानीय लोग शामिल हैं। बैंककर्मी, ग्राहक और पड़ोसियों के कॉल रिकॉर्ड की जांच पुलिस की एक तकनीकी टीम कर रही है।

बदमाश के पास जो हथियार थे, उससे पुलिस को शंका है वे धार-टांडा के हो सकते हैं। पुलिस लूट और डकैती में शामिल पुराने बदमाशों के साथ ही छत्रीपुरा, राजेंद्र नगर, चंदन नगर सहित अन्य थाना क्षेत्रों के बदमाशों से पूछताछ कर रही है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर जानकारी ली जा रही है। घटना के वक्त इलाके में सक्रिय मोबाइलों की जानकारी भी निकाली जा रही है।

हैरानी की बात यह है कि पुलिस को क्षेत्र में बैंक संचालित होने की ही जानकारी नहीं थी। 11 साल बाद बैंक लूट की घटना से अधिकारी सकते में हैं। जिस मकान में बैंक संचालित हो रहा था, उसके मालिक ने पुलिस को सूचना नहीं दी थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने पूर्वी इलाके में संदेह के आधार पर बदमाशों को रोकने का प्रयास किया था, लेकिन वे चकमा दे गए।

पुलिस को घटना के वक्त मौजूद तीन बैंककर्मियों पर शंका है। वे हर बार बयान बदल रहे हैं। पुलिस पूछताछ में मैनेजर ने बताया कि सोमवार शाम करीब 3.30 बजे बैंक में नकाबपोश बाइक सवार तीन बदमाश हथियार लेकर अंदर घुसे थे। बैंक जरूरतमंदों को लोन मुहैया करवाता है। डेली का कलेक्शन छह से सात लाख के बीच होता था। बैंक के करीब 3500 ग्राहक हैं।

Exit mobile version