आठ जिलों में जब्त मादक पदार्थों का कैमोर में किया गया विधिवत विनष्टीकरण
आठ जिलों में जब्त मादक पदार्थों का कैमोर में किया गया विधिवत विनष्टीकर
कटनी, – मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, सिवनी, छिंदवाड़ा, मंडला, बालाघाट एवं डिंडोरी जिलों में जब्त किए गए मादक पदार्थों का न्यायालय के आदेशानुसार एसीसी फैक्ट्री, कैमोर में विधिवत विनष्टीकरण किया गया।
पिछले कई महीनों के दौरान इन जिलों के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किए गए थे। न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत इनका सुरक्षित एवं वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया गया।
विनष्टीकरण की कार्रवाई एसीसी फैक्ट्री, कैमोर के सीमेंट संयंत्र की भट्टी में की गई, जहां अत्यधिक तापमान पर मादक पदार्थों को क्रमवार जलाकर पूरी तरह नष्ट किया गया। पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए वीडियोग्राफी कराई गई तथा आवश्यक दस्तावेजीकरण भी किया गया।
कार्रवाई के दौरान जबलपुर रेंज के अंतर्गत कटनी जिले का 236.865 किलोग्राम गांजा तथा जबलपुर जिले का 155.010 किलोग्राम गांजा नष्ट किया गया। इसके अलावा जबलपुर जिले के 106 न्यायालयीन प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों का भी विनष्टीकरण किया गया। अन्य जिलों में जब्त मादक पदार्थों का भी नियमानुसार निस्तारण किया गया।
इस अवसर पर पुलिस उप महानिरीक्षक जबलपुर रेंज अतुल सिंह, पुलिस उप महानिरीक्षक बालाघाट रेंज विनित कुमार जैन, पुलिस उप महानिरीक्षक छिंदवाड़ा रेंज मनोज सिंह, पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा, पुलिस अधीक्षक जबलपुर संपत उपाध्याय, पुलिस अधीक्षक नरसिंहपुर ऋषिकेश मीणा, पुलिस अधीक्षक सिवनी कृष्ण लालचंदानी, पुलिस अधीक्षक मंडला राजेश रघुवंशी, पुलिस अधीक्षक डिंडोरी आशीष खरे सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।