तलवारों की चमक में दिखा आत्मविश्वास, बेटियों के शौर्य से गूंज उठा कटनी ‘शौर्य प्रदर्शन 2026’ बना नारी शक्ति का ऐतिहासिक पर्व

तलवारों की चमक में दिखा आत्मविश्वास, बेटियों के शौर्य से गूंज उठा कटनी ‘शौर्य प्रदर्शन 2026’ बना नारी शक्ति का ऐतिहासिक पर्व

कटनी। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर शहर में नारी शक्ति का अद्भुत और प्रेरणादायक स्वरूप उस समय देखने को मिला, जब नव परिवर्तन प्रकाश फाउंडेशन द्वारा आयोजित शौर्य प्रदर्शन 2026 भव्यता और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। साधुराम स्कूल, सुभाष चौक में आयोजित इस कार्यक्रम ने न केवल उपस्थित जनसमूह को रोमांचित किया, बल्कि हर दिल में बेटियों के प्रति गर्व और सम्मान की भावना भी जागृत कर दी।
कार्यक्रम में बालिकाओं और महिलाओं ने 17 दिवसीय कठोर प्रशिक्षण के बाद अपने आत्मबल, अनुशासन और साहस का जो प्रदर्शन किया, वह अभूतपूर्व रहा। हाथों में तलवार और आंखों में आत्मविश्वास लिए बेटियों ने तलवार संचालन, दंड (लाठी) संचालन, कराटे, नॉनचाकू, अग्नि के साथ साहसिक प्रदर्शन एवं आधुनिक आत्मरक्षा तकनीकों का प्रभावशाली प्रदर्शन कर यह सिद्ध कर दिया कि आज की नारी हर चुनौती का सामना करने में सक्षम है। तलवार से मुकाबला (फाइटिंग डेमो) और अखाड़ा शैली के दांव-पेंच कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण रहे, जिन पर दर्शकों ने जोरदार तालियों से उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक, श्रीमती अनुकृति पाठक एवं श्री यश पाठक उपस्थित रहे। पावन सानिध्य महाराज श्री धीरज पाण्डेय जी (पुजारी, माँ शारदा पीठ मैहर) का प्राप्त हुआ। वहीं वरेण्य अतिथि के रूप में बड़वारा विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी सोनम डेहरिया ने की।
विशिष्ट अतिथियों में रत्नेश दीक्षित, सुनील मिश्रा, श्रीमती मीना धीरज पाण्डेय, जीतिमा तिवारी, श्रीमती ज्योति विनय दीक्षित एवं वाल्मिक पाण्डेय की गरिमामयी उपस्थिति रही।
अतिथियों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल महिलाओं में आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देते हैं, बल्कि समाज में सुरक्षा और सम्मान की भावना को भी सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने इसे समय की आवश्यकता बताते हुए ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने पर बल दिया।
कार्यक्रम के सफल संचालन में कार्यक्रम प्रभारी अंकुश बाबू तिवारी एवं संस्था के उपाध्यक्ष आशुतोष विश्वकर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में सभी प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस आयोजन के माध्यम से नव परिवर्तन प्रकाश फाउंडेशन ने एक बार फिर यह सिद्ध किया कि उसका उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज में स्थायी परिवर्तन लाना है। संस्था शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता जैसे क्षेत्रों में निरंतर सक्रिय रहकर सेवा, समर्पण और संस्कार की त्रिवेणी के रूप में कार्य कर रही है।
संस्था के मार्गदर्शन में प्रदीप मिश्रा (डिप्टी कलेक्टर), डॉ. उमा निगम, डॉ. चित्रा प्रभात, डॉ. स्नेहा चौधरी एवं सुनील बाजपेयी जैसे प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों का सहयोग मिल रहा है, वहीं युवा समाजसेवियों की सक्रिय भागीदारी संस्था को और अधिक सशक्त बना रही है।
निःशुल्क कोचिंग, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण और नारी सुरक्षा जागरूकता जैसे प्रयासों के माध्यम से संस्था समाज में नई चेतना का संचार कर रही है।
संस्था का स्पष्ट संदेश है
सेवा ही हमारा संकल्प, परिवर्तन ही हमारा लक्ष्य
“शौर्य प्रदर्शन 2026” केवल एक कार्यक्रम नहीं रहा, बल्कि यह नारी शक्ति के साहस, स्वाभिमान और आत्मविश्वास का जीवंत प्रतीक बनकर उभरा, जिसने यह साबित कर दिया कि जब बेटियों को अवसर और सही मार्गदर्शन मिलता है, तो वे न केवल अपने सपनों को साकार करती हैं, बल्कि पूरे समाज को नई दिशा देने का सामर्थ्य भी रखती हैं।

Exit mobile version