गणेश पर्व और हरतालिका तीज की तैयारियों को लेकर बाजारों में बढ़ी चहल-पहल गणेश प्रतिमाएं घर ले जाने उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, बच्चों में दिखा खासा उत्साह
गणेश पर्व और हरतालिका तीज की तैयारियों को लेकर बाजारों में बढ़ी चहल-पहल
गणेश प्रतिमाएं घर ले जाने उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, बच्चों में दिखा खासा उत्सा
कटनी। गणेश पर्व और हरतालिका तीज को लेकर शहर में तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। त्योहारों के नजदीक आते ही बाजारों में रौनक बढ़ गई है। गणेश प्रतिमाओं की बिक्री के लिए जगह-जगह सजे पंडालों और दुकानों पर सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिल रही है। लोग अपनी पसंद के अनुसार भगवान श्रीगणेश की आकर्षक प्रतिमाएं खरीदकर उन्हें विधि-विधान से घर ले जाते नजर आए।
गणेश प्रतिमाओं के साथ पूजन सामग्री, सजावटी सामान, फूल-मालाएं, मोदक, लड्डू और अन्य धार्मिक सामग्री की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही बढ़ गई है। बाजार में विभिन्न आकार और आकर्षक रूपों में गणेश प्रतिमाएं उपलब्ध हैं। बच्चों में गणेश पर्व को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दे रहा है। बच्चे अपने माता-पिता के साथ प्रतिमा खरीदने पहुंच रहे हैं और अपनी पसंद के गणेशजी की प्रतिमा लेने को लेकर उत्साहित नजर आ रहे हैं।
इधर, हरतालिका तीज को लेकर भी महिलाओं में खासा उत्साह है। बाजारों में साड़ी, आभूषण, श्रृंगार सामग्री, मेहंदी, चूड़ियों और पूजा सामग्री की खरीदारी बढ़ गई है। महिलाएं पर्व की तैयारियों में जुटी हुई हैं। दुकानदारों का कहना है कि त्योहारों के चलते बाजार में ग्राहकों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
शहर के प्रमुख बाजारों में दिनभर लोगों की आवाजाही रहने से चहल-पहल का माहौल बना हुआ है। शाम के समय बाजारों में विशेष रौनक देखने को मिल रही है। गणेश पर्व और हरतालिका तीज के कारण व्यापारियों को भी अच्छी बिक्री की उम्मीद है। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए बाजारों में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने की जरूरत भी महसूस की जा रही है।