कटनी(YASHBHARAT.COM)। शैक्षिक उत्कृष्टता के दो दशकों की एक गौरवशाली उपलब्धि को अपने आंचल में समेटे सायना इंटरनेशनल स्कूल ने गत 9 जुलाई 2026 को अपना 20 वाँ स्थापना दिवस श्रद्धा और गर्व के साथ मनाया। इस अवसर ने संस्थान की उस उल्लेखनीय यात्रा को दर्शाया जिसमें अकादमिक श्रेष्ठताएं अनुशासन, नवाचार और मूल्य आधारित शिक्षा के माध्यम से नव राष्ट्र के संवाहकों को गढ़ने के साथ साथ ही गौरवशाली सायना विरासत को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है।
उत्सव की शुरुआत पारंपरिक पूजन से हुई, जिसे निदेशक प्राचार्य डॉ आदित्य कुमार शर्मा, प्रबंधन प्रतिनिधि ऋषि अरोड़ा, हेडमास्टर बोर्डिंग डॉ लोकेश दुबे, हेडमास्टर डे स्कूल कमल सरेचा, प्राथमिक समन्वयक सुश्री रीत मोंगा, डी के झा, सी एस पांडेय और सुश्री श्वेता पांडेय ने विधिपूर्वक संपन्न कराया। उन्होंने संस्थान की निरंतर प्रगति, समृद्धि और उत्कृष्टता की साधना के लिए दैवीय आशीर्वाद की कामना की। इसके पश्चात एक पवित्र हवन का आयोजन हुआ, जिसमें शिक्षकों और विद्यार्थियों के साथ सन् 2007 से सेवा दे रहे डी ग्रुप स्टाफ से मिंटू यादव, रामकिशोर और आनंद कुमार ने भी हवन कर पुण्य अर्जित किया।
इस क्रम में एक भावपूर्ण आयाम जोड़ते हुए सुश्री वर्षा सिंह बघेल, दिनेश शर्मा और डी सी मिश्रा ने मधुर भजनों से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके भजनों ने एक शांत और आध्यात्मिक माहौल बनाया, जो संस्थान की सांस्कृतिक परंपरा को दर्शाता था।
इस अवसर पर सभी को संबोधित करते हुए निदेशक प्राचार्य डॉ आदित्य कुमार शर्मा ने सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसी भी विद्यालय की असली पहचान उसके विद्यार्थियों से होती है। आज जब हमारे छात्र विभिन्न क्षेत्रों में अपना नाम रोशन कर रहे हैं, तो हमें गर्व के साथ कहना पड़ता है कि सायना अपने उद्देश्य में सफल हो रहा है। एक शिक्षक के रूप में मेरा मानना है कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अंक और डिग्री नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण और राष्ट्र सेवा है। हमारे शिक्षक इसी भावना के साथ बच्चों को गढ़ रहे हैं। मैं सायना की चेयरपर्सन ’डॉ निधि पाठक’ प्रबंधन और समस्त स्टाफ का आभार व्यक्त करता हूँ जिनके सहयोग से हम निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। आषा है कि सायना आने वाले समय में शिक्षाए संस्कार और संस्कृति का आदर्श केंद्र बनेगा।
सायना की चेयरपर्सन डाॅ निधि पाठक ने कहा कि जब हमने इस विद्यालय की नींव रखी थी, तब हमारा सपना था, शिक्षा के माध्यम से संस्कारवान, आत्मनिर्भर और राष्ट्रभक्त नागरिकों का निर्माण करना। आज मुझे गर्व है कि सायना का हर विद्यार्थी उस सपने को साकार कर रहा है। हमारी पूर्व छात्रा ’सुश्री सुमन मिश्रा’ का ’बिहार लोक सेवा आयोग’ में ’नगर निगम कार्यपालन अधिकारी’ के पद पर चयन होना इसी का प्रमाण है। मैं समस्त शिक्षकों, अभिभावकों और प्रबंधन के सहयोग के लिए हृदय से आभार व्यक्त करती हूँ। आइए हम सब मिलकर सायना को ज्ञान, अनुशासन और उत्कृष्टता की नई ऊंचाइयों तक ले जाएं।
इस अवसर पर सायना की चेयरपर्सन डाॅक्टर निधि पाठक, सचिव श्रीमती निर्मला पाठक (मम्मी जी), विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक (पूर्व मंत्री म.प्र.शासन), मैनेजमेंट प्रतिनिधि ऋषि अरोरा ,समस्त स्टाफ एवं अभिभावकों ने शुभकामनाए प्रेषित की हैं।
कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण के साथ हुआ। कार्यक्रम प्रभारी अभिनव खरे ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया, जिसमें उन्होंने उन सभी के प्रति आभार व्यक्त किया जिनके समर्पित प्रयासों और सहयोग से यह समारोह भव्य रूप से सफल हुआ।
