पनागर के पास सड़क हादसे में शहर के दुग्ध व्यवसायी के युवा पुत्र की मौत
कटनी(YASHBHARAT.COM)। शहर के नदीपार क्षेत्र स्थित शिवनगर कालोनी, बिलैया तलैया सब्जी मंडी में नरेन्द्र डेयरी नामक प्रतिष्ठान के संचालक दुग्ध व्यवसायी कुंज बिहारी पांडे के युवा पुत्र 25 वर्षीय अमन पांडे का 24 जून, बुधवार की शाम नेशनल हाईवे नंबर-30 में पनागर थाना अंतर्गत सड़क हादसे में दुःखद निधन हो गया। बताया जाता है कि अमन पांडे कल बुधवार को अपनी मोटर साइकिल से दवाई लेने जबलपुर गए थे। दवा लेकर जबलपुर से वापस कटनी लौटते समय राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-30 पर पनागर थाना अंतर्गत पीछे से अमन की मोटर साइकिल को किसी अज्ञात वाहन ने पीछे से ठोकर मारते हुए निकल गया। जिसके कारण मोटर साइकिल सवार अमन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल एंबुलेंस के द्वारा जबलपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां उपचार दौरान अमन ने दमतोड़ दिया। जबलपुर मेडिकल कॉलेज में शव परीक्षण के बाद अमन का शव आज दोपहर कटनी लाया गया। जिसके बाद नदी पार मुक्ति धाम में अत्यंत गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। पनागर थाना प्रभारी विपिन सिंह ने बताया कि दुर्घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। वाहन चालक की तलाश में हाइवे स्थित टोल नाको की सिटीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है। उल्लेखनीय है कि दुर्घटना में असमय काल के गाल में समाए अमन पांडे उपनगरीय क्षेत्र छपरवाह स्थित श्री श्री 1008 श्री दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर के पुजारी पंडित पुष्पेंद्र द्विवेदी के दामाद एवं पंडित सतीश द्विवेदी के बहनोई थे।