तेलंगाना पुलिस की कस्टडी से ले जाया जा रहा कटनी रेल्वे स्टेशन से हथकड़ी निकाल कर हुआ फरार

कटनी-दानापुर सिकंदराबाद– एक्सप्रेस से तेलंगाना पुलिस की कस्टडी में ले जाया जा रहा एक आरोपी कटनी रेलवे स्टेशन से हथकड़ी से हाथ निकालकर फरार हो गया। आरोपी के फरार होने की सूचना मिलते ही कटनी जीआरपी और आरपीएफ में हड़कंप मच गया। रेलवे स्टेशन, आउटर और आसपास के इलाकों में तत्काल तलाश अभियान शुरू किया गया, लेकिन फिलहाल आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नाचाराम थाना, हैदराबाद, तेलंगाना में दर्ज अपराध क्रमांक 437/26 में धारा 109 बीएनएस और धारा 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत आरोपी आशीष कुमार, संदीप महाजन, संदीप कुमार पिता हरिशचंद्र उम्र 30 वर्ष निवासी बगहा, पश्चिम चंपारण, बिहार तथा शशि कुमार को तेलंगाना पुलिस ने बिहार के बगहा से गिरफ्तार किया था।

चारों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर तेलंगाना के नाचाराम थाने ले जाया जा रहा था। पुलिस टीम ट्रेन नंबर 12792 दानापुर पटना–सिकंदराबाद एक्सप्रेस से आरोपियों को लेकर सफर कर रही थी।

बताया जा रहा है कि रात के समय ट्रेन के कटनी रेलवे स्टेशन पहुंचने के दौरान एक आरोपी को निस्तार के लिए पुलिसकर्मी लेकर गया था। इसी दौरान पुलिस टीम के बाकी सदस्य अन्य आरोपियों के साथ मौजूद थे। मौका पाकर आरोपी संदीप कुमार ने हथकड़ी से अपना हाथ निकाल लिया और ट्रेन से फरार हो गया।

आरोपी के फरार होने की जानकारी मिलते ही तेलंगाना पुलिस ने कटनी जीआरपी को सूचना दी। इसके बाद जीआरपी और आरपीएफ ने कटनी मुड़वारा, साउथ स्टेशन, रेलवे स्टेशन परिसर और आउटर क्षेत्रों में सघन तलाश अभियान चलाया, लेकिन आरोपी का पता नहीं चल सका।

मामले में तेलंगाना पुलिस द्वारा कटनी जीआरपी थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। फिलहाल जीआरपी और तेलंगाना पुलिस रेलवे स्टेशन तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी स्टेशन से किस दिशा में भागा।

कटनी जीआरपी थाना प्रभारी अनिल मरावी ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश लगातार की जा रही है। स्टेशन के बाहर लगे कैमरों सहित अन्य स्थानों की सीसीटीवी फुटेज देखी जा रही है। जरूरत पड़ने पर जीआरपी टीम को बिहार भेजा जा सकता है।

अब पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती फरार आरोपी संदीप कुमार को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की है। फिलहाल आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं।

Exit mobile version