कटनी में ट्रांसमिशन लाइन की क्षमता वृद्धि का कार्य शीघ्र पूरा करें : एमडी सुनील तिवारी,मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत एमपी ट्रांसको के प्रबंध संचालक ने 400 केवी सबस्टेशन का किया निरीक्ष
कटनी। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत मध्यप्रदेश शासन के उपक्रम मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) के प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने कटनी स्थित 400 केवी सबस्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सबस्टेशन में चल रहे विभिन्न निर्माण एवं रखरखाव कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने 400 केवी सबस्टेशन से प्रदेश के तीसरे सबसे पुराने 132 केवी सबस्टेशन शांति नगर, कटनी के लिए ट्रांसमिशन लाइन की क्षमता वृद्धि के कार्य की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को इस कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। यह लाइन कटनी शहर के अलावा 132 केवी सबस्टेशन स्लीमनाबाद, ढीमरखेड़ा एवं मनसकरा के लिए भी महत्वपूर्ण है।
एमडी सुनील तिवारी ने कहा कि पुराने कम क्षमता वाले कंडक्टर को अधिक क्षमता वाले आधुनिक तकनीक के एचटीएलएस कंडक्टर से बदला जा रहा है। इससे 132 केवी सबस्टेशन कटनी में पहले की तुलना में लगभग तीन गुना अधिक विद्युत आपूर्ति क्षमता उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने अधिकारियों को कार्य की गंभीरता को देखते हुए इसे शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
निर्माण कार्यों की भी हुई समीक्षा
प्रबंध संचालक ने 400 केवी सबस्टेशन कटनी में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। 132 केवी सबस्टेशन स्लीमनाबाद एवं ढीमरखेड़ा के लिए बनाए जा रहे दूसरे सर्किट के निर्माण कार्य की धीमी गति पर उन्होंने असंतोष व्यक्त किया और दोनों कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
रबी सीजन से पहले पूरा करें पोस्ट मानसून मेंटेनेंस
एमडी ने मुख्य अभियंता टेस्टिंग एम.ए. मंसूरी को निर्देशित किया कि आगामी रबी सीजन शुरू होने से पहले सबस्टेशन के सभी पोस्ट मानसून मेंटेनेंस कार्य पूर्ण कर लिए जाएं। इससे बिरसिंहपुर जनरेटिंग स्टेशन से आने वाली 700 मेगावाट तथा सतना से मिलने वाली 50 मेगावाट बिजली का समुचित उपयोग सुनिश्चित किया जा सकेगा।
उन्होंने 400 केवी सबस्टेशन में महत्वपूर्ण उपकरणों की शिफ्टिंग का कार्य पूरी सजगता और निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान रेलवे के लिए एक अतिरिक्त ट्रैक्शन फीडर तैयार करने की संभावनाओं पर भी अधिकारियों के साथ चर्चा की गई।
प्रबंध संचालक ने सबस्टेशन में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों से भी संवाद कर उनकी समस्याओं एवं कार्य संबंधी जानकारी ली।
ये अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता टेस्टिंग एम.ए. मंसूरी, अतिरिक्त मुख्य अभियंता टेस्टिंग आर.सी. शर्मा, कार्यपालन अभियंता ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस एस.के. मुडा, कार्यपालन अभियंता आर.आर. पटेल, सहायक अभियंता एस.के. चतुर्वेदी, मनोज तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
