Site icon Yashbharat.com

VIDEO: महाकोशल, विन्ध्य में प्री मानसूनी बारिश, जबलपुर में गिरा पेड़, सतना में गाज गिरने से 2 की मौत

images 35

जबलपुर। महाकोशल-विंध्य में प्री मानसून ने दस्तक दे दी है। शनिवार दोपहर बाद मंडला, नरसिंहपुर, सिवनी, उमरिया और कटनी आधे से एक घंटे तक झमाझम बारिश हुई है। अनूपपुर में सुबह 10 बजे, सतना, पन्ना में दोपहर 2 बजे के बाद हल्की बारिश हुई वहीं बालाघाट, डिंडौरी, शहडोल व दमोह में बादल छाए है और बारिश की संभावना व्यक्त की गई है।

जबलपुर में विक्टोरिया हॉस्पिटल के पास एक पेड़ गिरने से आधादर्जन लोग घायल हो गए। कुछ अन्य स्थानों में भी नुकसान की खबर है।

देखें वीडियो

सतना में गाज गिरने से दो लोगों की मौत हो गई जबकि छह लोग घायल हो गए। नरसिंहपुर के ग्वारी गांव में ओले गिरे। अंचल के अधिकांश जिलों में तापमान में गिरावट देखी गई। बालाघाट, पन्ना, कटनी व रीवा में तापमान 40 डिग्री से ज्यादा रिकार्ड किया गया।

सिवनी में मंडी में रखा अनाज भीगा, घरों में घुसा पानी

दोपहर करीब 3 बजे से एक घंटे की झमाझम बारिश हुई। जिले के घंसौर स्थित मंडी में हजारों क्विंटल चना और मसूर भीग गया। यहां बारिश से भीगा करीब पांच क्विंटल चना सड़ने की कगार पर आ गया है। मुख्यालय स्थित सिमरिया कृषि उपज मंडी में भी खुले में रखा चना और मसूर के अलावा गेहूं भीगने की खबर है।

छपारा में जोरदार बारिश से कई बस्तियों में जलभराव की स्थिति बन गई। अधूरी नाली निर्माण और पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने से कई घरों में पानी घुसने के कारण लोगों में आक्रोश देखा गया।

नरसिंहपुर में दिन भर उमस के बाद शाम को झमाझम बारिश

दिन भर तीखी उमस के बाद दोपहर बाद जिले के कई स्थानों पर करीब आधा-पौन घंटे तेज बारिश रही, जिससे जिले की सभी प्रमुख मंडियों में समर्थन मूल्य पर चल रही अनाज की खरीदी के कार्य में व्यवधान रहा। हजारों क्विंटल अनाज मंडियों में बारिश की चपेट में आया।

गोटेगांव में खुले में फर्श पर लगे अनाज का ढेर भी पानी के बहाव में बह गया, जिसे बाद में किसानों ने झाड़ुओं के सहारे सुरक्षित किया। नरसिंहपुर, गोटेगांव के अलावा गाडरवारा, तेंदूखेड़ा और करेली में भी बारिश से नुकसान हुआ।

यहां- इतना रहा पारा

पन्ना-41

कटनी-41

दमोह-41

रीवा- 40.8

सतना- 40.2

नरसिंहपुर-39

अनूपपुर-39

डिंडौरी-38.1

उमरिया-38

शहडोल-37

Exit mobile version