मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भी झिंझरी चौकी पुलिस ने की दोनों पक्षों पर काउंटर कार्रवाई
कटनी(YASHBHARAT.COM)। पुलिस थानों में आज कल एक ट्रेंड चल रहा है। जिसमें मारपीट की घटना के बाद कोई पीड़ित शिकायत लेकर थाने पहुंचता है तो पुलिस शिकायत सुनने के बाद आरोपित पक्ष को भी थाने बुला लेती है और फिर इसके बाद मामले में काउंटर अपराध कायम सिर्फ इसलिए किया जाता है कि आगे चलकर दोनों पक्षों में सुलह समझौते की गुंजाइश बनी रहे। ऐसा ही एक मामला आज माधवनगर थाना क्षेत्र की झिंझरी पुलिस चौकी में देखने को मिला। जिसमें चौकी अंतर्गत ग्राम गनियारी में उधारी न देने के विवाद पर एक युवक को बीच सड़क पर घेरकर लाठी डंडो से बुरी तरह पीटा गया। मारपीट में लहू लुहान युवक शिकायत लेकर झिंझरी पुलिस चौकी पहुंचा तो वहां मौजूद स्टाफ ने शिकायत सुनने के बाद उसके साथ मारपीट करने वाली पार्टी को भी चौकी बुला लिया और फिर दोनों पक्षों की अलग अलग शिकायत पर मामले में काउंटर मामला दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
किराना दुकान पर उधारी को लेकर हुआ था विवाद
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार ग्राम गनियारी स्थित एक किराना दुकान पर विक्रम नामक युवक सामान लेने पहुंचा था। दुकान पर मौजूद आकाश बर्मन द्वारा उधारी में सामान देने से मना किए जाने के बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर विक्रम ने आकाश को थप्पड़ मार दिया और दोनों के बीच हाथापाई हो गई। बताया जा रहा है कि विवाद की जानकारी मिलने के बाद प्रेमलाल बर्मन अपने बेटे आशीष, भाई विजय और भतीजे विशाल के साथ मौके पर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने विक्रम को बीच सड़क पर घेर लिया और लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुई इस मारपीट से सड़क पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। इसी दौरान किसी राहगीर ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में युवक के साथ लाठी-डंडों से मारपीट किए जाने का दृश्य दिखाई दे रहा है।
पहले एक पक्ष, फिर दूसरे पक्ष की शिकायत पर मामला दर्ज
पुलिस के अनुसार मामले में प्रारंभिक शिकायत प्रेमलाल बर्मन की ओर से दी गई थी, जिस पर झिंझरी चौकी पुलिस ने विक्रम और मोनू तिवारी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था। वहीं मारपीट का वीडियो सामने आने और विक्रम की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दूसरे पक्ष के प्रेमलाल बर्मन, आकाश बर्मन, विजय बर्मन और विशाल बर्मन के खिलाफ भी विभिन्न धाराओं में काउंटर मामला दर्ज किया है।
वायरल वीडियो भी जांच का हिस्सा
पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो को भी जांच में शामिल किया जा रहा है। घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और दोनों पक्षों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।