पुलिस विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को दी गई भावभीनी विदाई, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने शाल-श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर की उज्जवल भविष्य की कामना 

कटनी(YASHBHARAT.COM)। पुलिस विभाग में दीर्घकालीन एवं सराहनीय सेवाएं प्रदान करने वाले 03 अधिकारी एवं कर्मचारी आज 31 अगस्त 2026 को अधिवार्षिकीय आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय कटनी में सम्मानपूर्वक विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी एवं कर्मचारी में सउनि विश्वनाथ सिंह, सहायक उप निरीक्षक मुन्ना लाल एवं प्रधान आरक्षक देवराज शर्मा शामिल हैं। तीनों ने अपने सेवाकाल के दौरान पुलिस विभाग में विभिन्न दायित्वों का निष्ठा, अनुशासन एवं कर्तव्यपरायणता के साथ निर्वहन करते हुए विभाग को अपनी सेवाएं प्रदान कीं।सउनि विश्वनाथ सिंह 20.03.1987, सहायक उप निरीक्षक मुन्ना लाल 25.03.1984 तथा प्रधान आरक्षक देवराज शर्मा 23.11.1987 को आरक्षक के पद पर पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। सेवाकाल के दौरान तीनों द्वारा विभिन्न पदों एवं दायित्वों पर रहते हुए विभागीय कर्तव्यों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया गया। सेवानिवृत्ति के अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा द्वारा तीनों को शाल-श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई तथा उनके परिजनों से भी सौहार्दपूर्ण चर्चा की गई।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि पुलिस सेवा में अनुशासन, निष्ठा एवं कर्तव्यपरायणता का विशेष महत्व है। सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारी द्वारा अपने सेवाकाल में प्रदान की गई सेवाएं एवं उनके अनुभव पुलिस विभाग के लिए सदैव अनुकरणीय एवं प्रेरणादायी रहेंगे। सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, उप पुलिस अधीक्षक सुश्री शिवा पाठक, सूबेदार सोनम उईके सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय का समस्त स्टॉफ एवं सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के परिवारजन उपस्थित रहे।

Exit mobile version