विश्व हिंदू परिषद की छह मासिक जिला बैठक में बनी संगठन विस्तार और आगामी कार्यक्रमों पर रणनीति

कटनी(YASHBHARAT.COM)। विश्व हिंदू परिषद की छह मासिक जिला कार्ययोजना बैठक सोमवार को कटनी नगर स्थित सत्यम मैरिज गार्डन में संपन्न हुई। बैठक में जिलेभर से सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान विगत छह माह में किए गए सेवा एवं सामाजिक कार्यों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों और संगठन विस्तार को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। बातचीत के दौरान प्रांत सह संयोजक राहुल दुबे ने बताया कि विश्व हिंदू परिषद द्वारा प्रत्येक छह माह में एक वृहद जिला बैठक आयोजित की जाती है। इसी क्रम में यह छह मासिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन के आगामी कार्यों, कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आगे की रणनीति तैयार की गई। उन्होंने बताया कि विश्व हिंदू परिषद समाज में सेवा, सुरक्षा और संस्कार के मूल भाव को लेकर निरंतर कार्य कर रहा है। संगठन का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर सेवा कार्यों को गति देना, हिंदू समाज में जागरूकता एवं एकजुटता बढ़ाना तथा युवाओं और नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ना है। बैठक में आगामी विश्व हिंदू परिषद स्थापना दिवस, हिंदू हित चिंतक अभियान, शौर्य दिवस सहित विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई। संगठन को ग्राम स्तर तक मजबूत करने के लिए प्रत्येक ग्राम समिति तक स्थापना दिवस मनाने तथा 100 से अधिक नई समितियों के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया।नवंबर-दिसंबर में होने वाले हित चिंतक अभियान को लेकर भी कार्यकर्ताओं ने व्यापक रणनीति तैयार की। अभियान के माध्यम से जिले में 50 हजार से अधिक नए हित चिंतकों एवं कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इसके माध्यम से समाजहित के कार्यों में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। बैठक में जिले के संपर्क अधिकारी के रूप में प्रांत धर्माचार्य संपर्क प्रमुख सागर गुप्ता का पूरे समय मार्गदर्शन एवं सानिध्य प्राप्त हुआ। इस अवसर पर प्रांत सह संयोजक राहुल दुबे, जिला अध्यक्ष लखन साहू, जिला उपाध्यक्ष अरुण राय एवं उषा पांडेय सहित अन्य पदाधिकारी मंचासीन रहे। बैठक के अंतिम सत्र में संगठन के विस्तार एवं मजबूती को लेकर दायित्वों में आवश्यक परिवर्तन तथा नवीन घोषणाएं की गईं। नवीन दायित्वों के साथ कार्यकर्ताओं ने संगठन को ग्राम स्तर तक मजबूत करने और सेवा, सुरक्षा एवं संस्कार के क्षेत्र में प्रभावी ढंग से कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक का संचालन जिला मंत्री राहुल मिश्रा ने किया जबकि आभार प्रदर्शन संबंधित पदाधिकारियों द्वारा व्यक्त किया गया। बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने एवं संगठन को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

Exit mobile version