जब स्पेशल ट्रेन के रूप में चली तब भी कटनी जंक्शन में स्टॉपेज नहीं था और अब नियमित परिचालन में भी कटनी में बिना रुके चलेगी दानापुर-सर एम. विश्वेश्वरय्या टर्मिनल बेंगलुरु-दानापुर एक्सप्रेस

कटनी YASHBHARAT.COM)। दानापुर से सर एम. विश्वेश्वरय्या टर्मिनल बेंगलुरु के बीच कटनी जंक्शन होकर चलाई जा रही स्पेशल ट्रेन को रेलवे ने नियमित चलाने का निर्णय लिया है लेकिन रेलवे के इस निर्णय में खासबात यह है कि जब ये ट्रेन स्पेशल फेरे के रूप में चलाई गई तब भी इसका स्टॉपेज कटनी जंक्शन में नहीं था और जब इस ट्रेन को नियमित चलाने का निर्णय लिया गया है तब भी कटनी जंक्शन में इसका स्टॉपेज नहीं दिया है। कुल मिलाकर यह ट्रेन नियमित संचालन के दौरान भी शहरवासियों को मुंह चिढ़ाते गुजरा करेगी। गौरतलब है कि ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान ट्रेनों में यात्री दबाव को ध्यान में रखकर रेलवे के द्वारा दानापुर से सर एम. विश्वेश्वरय्या टर्मिनल बेंगलुरु के बीच स्पेशल ट्रेन संख्या 03251/03252 का परिचालन कटनी जंक्शन होकर किया जा रहा था लेकिन इस स्पेशल ट्रेन का स्टॉपेज कटनी में नहीं था। वहीं अब रेलवे के द्वारा स्पेशल फेरे के रूप में चलाई जा रही दानापुर-सर एम. विश्वेश्वरय्या टर्मिनल बेंगलुरु-दानापुर एक्सप्रेस ट्रेन को नियमित करते हुए रेगुलर नए नम्बर से संचालित करने का निर्णय लिया गया है। अब यह ट्रेन नियमित नए नम्बर 22365/22366 के रूप में प्रतिदिन संचालित होगी। यह ट्रेन पश्चिम मध्य रेल के महत्वपूर्ण रेल जंक्शन कटनी को छोड़कर सतना, जबलपुर एवं इटारसी स्टेशन पर ठहराव लेकर चलेगी।

22365 दानापुर-सर एम. विश्वेश्वरय्या टर्मिनल बेंगलुरु एक्सप्रेस ट्रेन समय सारिणी

गाड़ी संख्या 22365 दानापुर-सर एम. विश्वेश्वरय्या टर्मिनल बेंगलुरु एक्सप्रेस ट्रेन प्रतिदिन आज 01 सितम्बर 2026 से दानापुर से दोपहर 14:45 बजे प्रस्थान कर, मार्ग से होते हुए सतना मध्यरात्रि 00:10 बजे, जबलपुर 03:25 बजे, इटारसी 07:20 बजे पहुँचकर निर्धारित मध्यवर्ती स्टेशनों से होते हुए तीसरे दिन दोपहर 14:30 बजे सर एम. विश्वेश्वरय्या टर्मिनल बेंगलुरु पहुँचेगी।

22366 सर एम. विश्वेश्वरय्या टर्मिनल बेंगलुरु-दानापुर एक्सप्रेस ट्रेन समय सारिणी

गाड़ी संख्या 22366 सर एम. विश्वेश्वरय्या टर्मिनल बेंगलुरु-दानापुर एक्सप्रेस ट्रेन आगामी 03 सितम्बर 2026 से सर एम. विश्वेश्वरय्या टर्मिनल बेंगलुरु से रात्रि 23:50 बजे प्रस्थान कर, निर्धारित मध्यवर्ती स्टेशनों से होते हुए इटारसी 05:50 बजे, जबलपुर 09:00 बजे, सतना 13:00 बजे पहुँचकर और चौथे दिन मध्यरात्रि 00:15 बजे दानापुर पहुँचेगी।

इन स्टेशनों पर रहेगा ठहराव

यह ट्रेन दोनों दिशाओं में आरा, बक्सर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, सतना, जबलपुर, इटारसी जंक्शन, नागपुर जंक्शन, सेवाग्राम, चन्द्रपुर, बल्लारशाह, वारंगल, विजयवाड़ा जंक्शन, ओंगोल, गुडुर जंक्शन, पेरम्बूर, काटपाडी जंक्शन, जोलारपेट्टई जंक्शन, बांगरपेट जंक्शन एवं व्हाइट फील्ड स्टेशनों पर रुकेगी।

ट्रेन की कोच संरचना पर एक नजर

इस ट्रेन में 2 वातानुकूलित टू-टियर, 3 वातानुकूलित थ्री-टियर, 10 शयनयान श्रेणी, 07 सामान्य श्रेणी एवं 02 एलएलआरडी सहित कुल 24 कोच रहेंगे।

Exit mobile version