कारगिल विजय दिवस पर प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में विविध कार्यक्रम आयोजित
कारगिल विजय दिवस पर प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में विविध कार्यक्रम आयोजि
कटनी। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय तिलक महाविद्यालय, कटनी में 26 जुलाई 2026 को कारगिल विजय दिवस श्रद्धा, सम्मान एवं राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कारगिल युद्ध में भारतीय सैनिकों द्वारा प्रदर्शित अदम्य साहस, वीरता एवं सर्वोच्च बलिदान को स्मरण करना तथा विद्यार्थियों में देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा की भावना का विकास करना था।
इस अवसर पर “कारगिल युद्ध के समय देश और समाज की स्थिति” विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यक्रम प्रभारी डॉ. श्रीमती माधुरी गर्ग ने की, जबकि मुख्य वक्ता पूर्व एनसीसी अधिकारी डॉ. विनय वाजपेई रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि कारगिल युद्ध के दौरान देशवासियों ने अभूतपूर्व एकता और अखंडता का परिचय दिया था। पूरा राष्ट्र सेना के समर्थन में एकजुट होकर खड़ा रहा और हर स्तर पर सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर एनसीसी अधिकारी मेजर सरदार दिवाकर ने कारगिल विजय दिवस के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से कारगिल के वीर शहीदों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेकर राष्ट्रसेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया। साथ ही सभी उपस्थितों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के अधिकारी, प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। आयोजन राष्ट्रभक्ति और वीर सैनिकों के प्रति सम्मान के वातावरण में संपन्न हुआ।