निगमायुक्त तक पहुंची वार्ड दरोगा के द्धारा सफाई कर्मचारियों से की जा रही अवैध वसूली की शिकायत, पीड़ित कर्मचारियों ने की स्थानांनतरण की मांग
कटनी। वार्ड में तैनात सफाई कर्मचारियों से वार्ड दरोगा के द्धारा की जा रही अवैध वसूली की शिकायत नगर निगम आयुक्त से की गई है। वार्ड दरोगा की अवैध वसूली से परेशान सफाई कर्मचारियों ने नगर निगम आयुक्त को शिकायत देकर दरोगा पर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। नगर निगम आयुक्त को दिए गए शिकायती पत्र की प्रति यशभारत डाट काम को उपलब्ध कराते हुए नगर निगम के वार्ड क्रमांक-02 में तैनात पीडि़त सफाई कर्मचारियों ने बताया कि हम सभी सफाई कर्मचारी वार्ड क्रमांक-02 में कार्यरत हैं तथा अपने दायित्वों का नियमित एवं ईमानदारीपूर्वक निर्वहन करते हैं। पीडि़त सफाई कर्मचारियों के मुताबिक 08 जुलाई 2026 को वार्ड दरोगा भरत गोर द्वारा सभी कर्मचारियों को बुलाकर प्रत्येक कर्मचारी से 3 हजार रुपये की मांग की गई। वार्ड दरोगा ने कहा कि यदि निर्धारित राशि नहीं दी गई तो वेतन रोक दिया जाएगा तथा स्थानांतरण कर दिया जाएगा। साथ ही पेंशन व अन्य संबंधित प्रकरणों में भी अनावश्यक विलंब करने की बात कही गई। इस प्रकार कर्मचारियों से धन की मांग करना अनुचित एवं नियमों के विरुद्ध है। इससे सभी कर्मचारी मानसिक रूप से परेशान हैं। पीडि़त सफाई कर्मचारियों का यह भी आरोप है कि वार्ड दरोगा द्वारा आए दिन प्रताडि़त किया जाता है। कभी ड्यूटी को लेकर तो कभी पैसों को लेकर परेशान किया जाता है जबकि सभी सफाई कर्मचारी वार्ड की तमाम गंदगी साफ करके नगर निगम द्वारा दी गई सैलरी पर अपने परिवार का जीवन-यापन करते हैं। वार्ड दरोगा भरत द्वारा अवैध वसूली किए जाने से आए दिन विवाद की स्थिति बनती है। पीडि़त सफाई कर्मचारियों ने नगर निगम आयुक्त का ध्यान इस ओर आकर्षित कराते हुए इस मामले की निष्पक्ष जांच कराकर वार्ड दरोगा के स्थानांनतरण की मांग की है। नगर निगम आयुक्त को शिकायत देने वाले सफाई कर्मचारियों में अनिल, लल्ला, विनीत, राममिलन, रंजीत सहित दूसरे कर्मचारी शामिल हैं।