शासकीय कन्या महाविद्यालय में गरिमामय ढंग से मनाया शिक्षक दिवस,छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से व्यक्त किया गुरुजनों के प्रति सम्मा
कटनी। शासकीय कन्या महाविद्यालय, कटनी में 5 सितंबर को शिक्षक दिवस उत्साह, श्रद्धा एवं गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम भारत के महान शिक्षाविद्, दार्शनिक एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात के मार्गदर्शन में मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। छात्राओं ने सरस्वती वंदना की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।
प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात ने अपने उद्बोधन में शिक्षक दिवस की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल विषयगत ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनके चरित्र निर्माण, व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और जीवन मूल्यों के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के शिक्षा एवं दर्शन के क्षेत्र में योगदान को स्मरण करते हुए छात्राओं से उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में छात्राओं ने शिक्षकों के सम्मान में कविता वाचन, गीत, नृत्य एवं नाटिका सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों के माध्यम से छात्राओं ने गुरु-शिष्य संबंध की गरिमा और गुरुजनों के प्रति अपनी कृतज्ञता को भावपूर्ण ढंग से अभिव्यक्त किया।
कार्यक्रम का समापन आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। शिक्षक दिवस का आयोजन छात्राओं में गुरुजनों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता, अनुशासन एवं जीवन मूल्यों की भावना को सुदृढ़ करने वाला प्रेरणादायी अवसर रहा।