भैंस और बकरी के बाद करेंट की चपेट में आकर युवक की दर्दनाक मौत, विद्युत विभाग की लापरवाही से ग्रामीणों में आक्रोश, विभाग की लापरवाही से जान जाने का आरोप 

कटनी(YASHBHARAT.COM)। कुठला थाना अंतर्गत ग्राम घंघरी खुर्द में शुक्रवार को विद्युत तार की चपेट में आने से एक 40 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। गांव में करेंट की चपेट में आकर एक भैंस और एक बकरी के बाद अब एक युवक की जान जाने से ग्रामीणों में विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर भारी आक्रोश है।

इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार ग्राम घंघरी खुर्द निवासी 40 वर्षीय सुंदर पटेल पिता बाला पटेल शुक्रवार को मोटर साइकिल से अपने घर पहुंचा। इसी दौरान घर के ऊपर से गुजर रहा विद्युत तार अचानक टूटकर उसके ऊपर जा गिरा। तार के संपर्क में आने से सुंदर पटेल करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने तत्काल उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर हुई इस दुखद घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिवार के सदस्य घटना से सदमे में हैं। हादसे के बाद ग्रामीणों ने विद्युत व्यवस्था को लेकर विभाग के प्रति नाराजगी जाहिर की। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में कई स्थानों पर विद्युत तार काफी नीचे झूल रहे हैं। इस संबंध में ग्रामीणों द्वारा विद्युत विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों को पूर्व में भी अवगत कराया गया था और तारों को व्यवस्थित कर पर्याप्त ऊंचाई पर लगाने की मांग की गई थी। ग्रामीणों के अनुसार शिकायतों के बावजूद समय रहते आवश्यक सुधार कार्य नहीं कराया गया। ग्रामीणों ने बताया कि घंघरी खुर्द में विद्युत तारों की चपेट में आने से पूर्व एक भैंस और एक बकरी की भी मौत हो चुकी है। इन घटनाओं के बाद भी विद्युत तारों की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते झूलते और असुरक्षित विद्युत तारों को व्यवस्थित कर दिया जाता तो संभवतः यह हादसा टाला जा सकता था।

Exit mobile version