कटनी की शिक्षा की आवाज दबाने का प्रयास, मुख्यमंत्री से मिलने जा रहे कांग्रेस शहर अध्यक्ष एड. अमित शुक्ला को पुलिस ने किया नजरबंद 

कटनी की शिक्षा की आवाज दबाने का प्रयास, मुख्यमंत्री से मिलने जा रहे कांग्रेस शहर अध्यक्ष एड. अमित शुक्ला को पुलिस ने किया नजरबंद

कटनी। जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एड. अमित शुक्ला मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से कटनी के छात्र-युवाओं के भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर ज्ञापन सौंपने जा रहे थे, लेकिन बड़वारा थाना प्रभारी एवं रंगनाथ थाना पुलिस प्रभारी की तीन गाड़ियों ने दो अलग-अलग स्थानों पर उनका रास्ता रोक लिया इसके बाद उन्हें मुख्यमंत्री स्लिमनाबाद कटनी से रवाना होने तक पुलिस अधीक्षक कार्यालय में नजरबंद रखा गया। मुख्यमंत्री के जाने के बाद उन्होंने नायब तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

 

ज्ञापन में कटनी में पीपीपी मॉडल के स्थान पर पूर्णतः शासकीय मेडिकल कॉलेज की स्थापना, पीएम एक्सीलेंस शासकीय तिलक महाविद्यालय में BCA, BBA, B.Ed., LL.B., B.A. LL.B., B.Com. LL.B., B.Sc. LL.B. एवं D.Pharm. जैसे रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम प्रारंभ करने तथा शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय में कटनी के माइनिंग हब होने के अनुरूप माइनिंग इंजीनियरिंग, माइन सर्वेइंग, माइन सेफ्टी एवं अन्य माइनिंग आधारित तकनीकी पाठ्यक्रम प्रारंभ किए जाने की मांग की गई।

 

एड. अमित शुक्ला ने कहा कि छात्रों और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को उठाने वालों को पुलिस के माध्यम से रोकना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कटनी के विद्यार्थियों के शिक्षा और रोजगार के अधिकार की लड़ाई निरंतर जारी रहेगी तथा इन जनहितकारी मांगों को हर स्तर पर मजबूती से उठाया जाएगा।

 

इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष अमित शुक्ला वरिष्ठ कांग्रेस नेता झम्मटमल थारवानी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेश जाटव, सेवादल अध्यक्ष मंगल सिंह, दिग्विजय सिंह, संजय गुप्ता, अभय खरे, अशोक मौर्य, रमेश अहिरवार, इमरान खान, दिलदार खान, कैलाश कनौजिया, साहिल नामदेव एवं हर्षित मिश्रा सहित कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

Exit mobile version