कटनी नगर निगम के जनकल्याण शिविर में आउटसोर्स कर्मचारी ने किया आत्मदाह का प्रयास
कटनी नगर निगम के जनकल्याण शिविर में आउटसोर्स कर्मचारी ने किया आत्मदाह का प्रया
कटनी। नगर निगम परिसर में आयोजित जनकल्याण योजना शिविर के दौरान उस समय हड़कंप मच गया जब पिछले 8 वर्षों से कार्यरत एक आउटसोर्स कर्मचारी ने अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद लोगों और अधिकारियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर कर्मचारी को ऐसा करने से रोक लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार आउटसोर्स कर्मचारी संतोष करोसिया ने आरोप लगाया कि उसे बिना किसी पूर्व सूचना और स्पष्ट कारण के कार्य से हटा दिया गया है। कर्मचारी का कहना है कि वह पिछले आठ वर्षों से निगम में कार्यरत था और उसके परिवार का पालन-पोषण इसी नौकरी से हो रहा था।
संतोष करोसिया ने बताया कि उसकी एक माह की मजदूरी का भुगतान भी रोक लिया गया है। मामले में पूरी गलती एक हवलदार पर डाले जाने की बात कही जा रही है, जबकि उसका कहना है कि उसे अपनी बात रखने का अवसर तक नहीं दिया गया। कर्मचारी ने भावुक होकर कहा कि उसके छोटे-छोटे बच्चों का भरण-पोषण इसी नौकरी पर निर्भर है और अचानक रोजगार छिन जाने से उसका परिवार आर्थिक संकट में आ गया है।
घटना के बाद शिविर स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कर्मचारियों एवं उपस्थित लोगों ने संतोष करोसिया को समझाइश देकर शांत कराया। मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई है। कर्मचारी ने न्याय दिलाने एवं पुनः कार्य पर रखने की मांग की है।
फिलहाल नगर निगम प्रशासन की ओर से मामले की जांच किए जाने और संबंधित पक्षों से जानकारी लेने की बात कही जा रही है।