प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने पर 5 से 21 जून तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम,जिला कार्यालय में जिला पदाधिकारियों की बैठक संपन्न, कार्यकर्ताओं को दिए गए दायित्
कटनी। भारतीय जनता पार्टी जिला कटनी द्वारा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण को समर्पित केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने हेतु जिला कार्यशाला का आयोजन भाजपा जिला कार्यालय में जिला अध्यक्ष श्री दीपक टण्डन, जिला संगठन प्रभारी श्री सुजीत जैन के आतिथ्य में किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
कार्यशाला में 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस से 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान, वृक्षारोपण अभियान, स्वास्थ्य शिविर, स्वच्छता अभियान, प्रगति पथ यात्रा, विकसित भारत संकल्प सम्मेलन, विशेष जनसंपर्क अभियान, मीडिया संवाद तथा योग दिवस कार्यक्रमों की सफलता को लेकर जिला टोली, मंडल टोली, जिला पदाधिकारियों एवं मंडल अध्यक्षों, प्रभारियों के साथ रणनीति बनाई गई।
बैठक में विभिन्न कार्यक्रमों के सफल संचालन हेतु टोलियों का गठन किया गया। भाजपा जिला अध्यक्ष श्री दीपक टण्डन ने टोली के संयोजक, सहसंयोजक एवं सदस्यों की घोषणा की। कार्यशाला में मंचासीन जिला संगठन प्रभारी सुजीत जैन, महापौर श्रीमती प्रीति सूरी, संयोजक रम्मू साहू, श्रीमती सीमा जैन, प्रशांत राय, राजेश पटेल एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। संचालन जिला महामंत्री मनीष देव मिश्रा जबकि आभार प्रदर्शन प्रशांत राय ने किया।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष श्री दीपक टण्डन ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है। भाजपा कार्यकर्ता बूथ स्तर तक पहुंचकर सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। इस हेतु संगठन स्तर पर तैयारियां की गई हैं। कार्यकर्ता गणों को विभिन्न कार्यक्रमों हेतु दायित्व सौंपे गए हैं।
जिला संगठन प्रभारी श्री सुजीत जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के 12 वर्षों का कार्यकाल देश के इतिहास में सुशासन, विकास और गरीब कल्याण का स्वर्णिम अध्याय है। यह देश मे परिवर्तन की बुनियाद है। इस अभियान में अधिक से अधिक जन भागीदारी रहे यह हम सभी को सुनिश्चित करना है। श्री जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई है तथा अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचा है। महिलाओं, गरीबों एवं पिछड़े वर्गों के सशक्तिकरण के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का कार्य कर रहा है। इस अभियान में भी हम सभी को अपना मूल उदेश्य जन सेवा रखते हुए मोदी जी की जनकल्याणकारी नीतियोंको जन जन तक पहुंचाने की है। इसमें भाजपा कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यशाला बैठक में भाजपा मछुआ प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक श्री श्याम निषाद, किसान मोर्चा के नव नियुक्त जिला अध्यक्ष तीरथ पटैल का स्वागत किया गया। इसके साथ ही बेहतरीन जनसेवा कार्य हेतु विजयराघवगढ़ नगर परिषद अध्यक्ष राजेश्वरी दुबे तथा कैमोर नगर परिषद अध्यक्ष पलक ग्रोवर का भी अभिनंदन किया गया कार्यशाला बैठक में जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के अध्यक्ष, विभिन्न कार्यक्रमों के प्रभारी एवं सहप्रभारी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
