MP BJP : पूर्व सांसद प्रेमचंद गुड्डू भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित
Madhya Pradesh BJP : भोपाल। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने पूर्व सांसद प्रेमचंद गुड्डू को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। भाजपा द्वारा गुड्डू को भेजे पत्र में कहा गया है कि कारण बताओ नोटिस का जवाब नहीं देने को अनुशासनहीनता माना गया है, इसलिए उन्हें प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया गया है।
उधर इस मामले पर पलटवार करते हुए गुड्डू ने कहा है कि उन्होंने फरवरी में स्वयं ही पार्टी छोड़ दी थी। इसके बाद अब कारण बताओ नोटिस जारी करना और जवाब के बावजूद निष्कासन की कार्रवाई करना अपमानजनक है।गुड्डू ने कहा कि भाजपा यह सब किस आधार पर कर रही है, यह समझ से परे है।
उन्होंने कहा कि वे इस पूरे प्रकरण को लेकर न्यायालयीन प्रक्रिया भी अपना रहे हैं। भाजपा ने 19 मई को उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया था। उल्लेखनीय है कि पूर्व सांसद गुड्डू ने पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के खिलाफ मोर्चा खोला था। पिछले कुछ महीनों से उनके वापस कांग्रेस में लौटने की अटकलें चल रही हैं। वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव के समय गुड्डू और उनके पुत्र अजीत बोरासी ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था।
अब प्रेमचंद गुड्डू की कांग्रेस में वापसी तय हो गई है।अभी तक तो यह तय है कि प्रेमचंद सांवेर विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस की सीट पर मैदान में उतर कर मंत्री और अब भाजपा में शामिल तुलसी सिलावट को चुनौती देंगे। सिलावट कांग्रेस के टिकट पर सांवेर सीट से जीते थे। कमल नाथ भी पिछले दिनों इस बारे में क्षेत्रीय विधायकों और नेताओं को इस बारे में समझाइश दे चुके हैं।