प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने मसुरहा घाट में श्रमदान कर दिया जल संरक्षण का संदेश,प्रभारी मंत्री श्री सिंह मसुरहा घाट में आयोजित जल गंगा संवर्धन अभियान के कार्यक्रम में हुए शामि
कटनी को स्वच्छ बनाने समाज की सहभागिता जरूरी: प्रभारी मंत्री श्री सिंह,गंदे पानी को साफ करने के लिये नव निर्मित एसटीपी प्लांट का किया निरीक्षण,जिले के नदी-तालाबों की सफाई के लिये खरीदी जायेगी अत्याधुनिक ट्रैश क्लीनर मशीन
कटनी (09 मई) -परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री और कटनी जिले के प्रभारी मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने शनिवार को “जल गंगा संवर्धन अभियान” के तहत मसुरहा घाट में जलकुंभी निकालने के कार्य में श्रमदान कर कटनीवासियों को जल संरचनायें सहेजने का संदेश दिया। उन्होंने स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत कटनी शहर को स्वच्छता के मामले में अग्रणी बनाने के लिए नागरिकों और समाज के सभी वर्गों से सक्रिय भागीदारी और सहयोग की अपील की। प्रभारी मंत्री ने यहां 6 करोड़ की लागत से निर्मित एसटीपी प्लांट का भी निरीक्षण किया।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान और स्वच्छ सर्वेक्षण जैसे कार्यक्रमों में शासन, प्रशासन के साथ समाज को भी आगे आना होगा। उन्होंने मसुरहा घाट में श्रमदान कार्य में छात्रों , युवाओं एवं शहरवासियों और जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए जा रहे सहयोग पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि सभी की ऐसी ही उत्साहपूर्वक भागीदारी से कटनी शहर स्वच्छता में अग्रणी बनेगा।उन्होने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आव्हान पर आयोजित स्वच्छता अभियान को लेकर बच्चों में जागरूकता की प्रशंसा की तथा प्रदेश के सबसे स्वच्छ इंदौर शहर का उदाहरण देते हुए कटनी वासियों से स्वच्छता को जीवन शैली में अपनाने की बात कही।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर शुरू हुए “जल गंगा संवर्धन अभियान” के तहत जन सहयोग से जल संरक्षण के नए-नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। प्रभारी मंत्री ने कहा कि कटनी के नदी ओर तालाबों की साफ सफाई करने के लिए अत्याधुनिक ट्रैश क्लीनर मशीन खरीदी जाएगी।
उन्होंने कहा कि यह हम सबका कर्तव्य है कि मसुरहा घाट में कटनी नदी की धारा अविरल बनी रहे। नदी से क्षेत्र की पहचान होती है, इसे बचाकर आप अपने क्षेत्र की पहचान को समृद्ध करेंगे। उन्होंने कहा कि सुरक्षित भविष्य के लिए जल संरचनाओं को पुनर्जीवित करना हमारा परम कर्तव्य है।
महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, कलेक्टर श्री आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, प्रदेश महामंत्री श्री राहुल कोठारी, जिला प्रभारी श्री सुजीत जैन, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री दीपक टंडन सोनी, नगर निगम अध्यक्ष श्री मनीष पाठक, नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, वनमण्डलाधिकारी गर्वित गंगवार, सहायक कलेक्टर श्री श्लोक वाईकर, एसडीएम कटनी प्रमोद चतुर्वेदी सहित अन्य जन मौजूद रहे।
मेयर इन काउंसिल सदस्य सुभाष साहू, जयनारायण निषाद, सुरेंद्र गुप्ता, बीना बैनर्जी, पार्षद शशिकांत तिवारी, अवकाश जायसवाल, लव साहू, सीमा श्रीवास्तव, पूर्व जिलाध्यक्ष राम रतन पायल, पीताम्बर टोपनानी, पूर्व महापौर शशांक श्रीवास्तव, सहित निगम के ब्रांड एम्बेसडर विज़न टीम के सदस्यों की मौजूदगी रही।
जल गंगा संवर्धन अभियान आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित रखने का संकल्प
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित रखने का संकल्प है। अभियान के तहत निगम प्रशासन द्वारा कुओं की सफाई, नदी सफाई, सोक पिट निर्माण, नदी तालाबों की सफाई की जा रही है। जिसके तहत कटाए घाट में लगभग 480 मीटर नदी की सफाई पूर्ण की जा चुकी है। जो आगे भी अनवरत जारी रहेगी, वही अमृत योजना के तहत सीवरेज और जल प्रदाय के कार्यों को मजबूती प्रदान की जा रही है। महापौर श्रीमती सूरी ने अपने उद्बोधन के माध्यम से उपस्थित नागरिकों से अभियान को जन अभियान का स्वरूप प्रदान करने का आग्रह भी किया।
वही निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने कार्यक्रम की रूपरेखा बताते हुए निगम प्रशासन द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान एवं स्वच्छ भारत मिशन के तहत निगम प्रशासन द्वारा आयोजित की जाने वाली गतिविधियों की विस्तार से जानकारी प्रदान करते हुए वर्षा पूर्व संपूर्ण कटनी की सफाई का कार्य पूर्ण करने तथा स्वच्छ सर्वेक्षण में कटनी नगर को शिखर पर पहुंचाने के भरसक प्रयास किए जाने की जानकारी दी।
स्वच्छता की शपथ
कार्यक्रम के दौरान नगर पालिक निगम कटनी द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत नगर में आयोजित की जा रही विभिन्न गतिविधियों की जानकारी से आमजनों को अवगत कराते हुए जल संरक्षण एवं स्वच्छता की शपथ ली गई।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई मित्रों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान नगर की सफाई व्यवस्था को सुचारू एवं सुदृढ रखने वाले 10 सफाई मित्रों को उनके उत्कृष्ट कार्य हेतु सम्मानित किया जाकर केप, गम बूट एवं यूनिफॉर्म का वितरण किया गया।
इस दौरान उपायुक्त शैलेश गुप्ता, कार्यपालन यंत्री आसित खरे, राजस्व अधिकारी जागेश्वर पाठक, सहायक यंत्री आदेश जैन, अनिल जायसवाल, सुनील सिंह, उपयंत्री संजय मिश्रा, मृदुल श्रीवास्तव, सहित जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन जिला पंचायत, नगर निगम के अधिकारी कर्मचारी, विभिन्न समाजसेवी संगठन के सदस्य, स्थानीय गणमान्य नागरिकों की भारी संख्या में मौजूदगी रही।

