राममंदिर चढ़ावा चोरी की हो सीबीआई जांच, महिला कांग्रेस ने सीएसपी को ज्ञापन सौंपकर की मांग
कटनी(YASHBHARAT.COM)। अयोध्या राम मंदिर में हुए चढ़ावा की चोरी को लेकर आज महिला कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपा। महिला कांग्रेस के द्धारा देश के प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, सीबीआई निदेशक, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक व मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक के नाम यह ज्ञापन नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया को सौंपा गया है। ज्ञापन में पूरे मामले की सीबीआई से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन सौंपने के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस की महासचिव सौम्या रांधेलिया ने कहा कि राममंदिर में श्रृद्धालुओं के द्धारा दिए गए चढ़ावा चोरी की घटना ने देश के करोड़ों हिंदुओं की आस्था को चोट पहुंचाने का काम किया है। इसलिए इस पूरे मामले की जांच सीबीआई से कराकर दोषियों के विरूद्ध कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। सुश्री सौम्या रांधेलिया ने यह भी कहा कि एसआईटी जांच के नाम पर उत्तर प्रदेश सरकार बड़ी मछलियों को बचाने का काम कर रही है और छोटी मछलियों को पकड़ मास्टर माइंड को क्लीन चिट दे रही है। इसलिए देश के करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़े इस मामले की सीबीआई जांच और दोषियों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। ज्ञापन सौंपते समय वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री मीनाक्षी वल्लवी, मनीषा सिंह, हेमलता शर्मा, माया चौधरी, नीरा सोनी सहित महिला कांग्रेस के दूसरे पदाधिकारी व कार्यकत्र्ता उपस्थित थे।