कैमोर में विकास का महाकुंभ: तीन करोड़ के विकास कार्यों का का लोकार्पण एवं भूमिपुजन,भविष्य की नई इबारत लिखी गई

कैमोर में विकास का महाकुंभ: तीन करोड़ के विकास कार्यों का का लोकार्पण एवं भूमिपुजन,भविष्य की नई इबारत लिखी ग

कटनी -कैमोर नगर आज एक ऐतिहासिक पल का साक्षी बना, जब नगर परिषद कैमोर द्वारा आयोजित भव्य समारोह में करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस आयोजन ने न केवल शहर की तस्वीर बदलने का संदेश दिया, बल्कि जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और उद्योगों के बीच मजबूत समन्वय का भी परिचय कराया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक (पूर्व राज्यमंत्री) संजय सत्येन्द्र पाठक रहे, जबकि अध्यक्षता नगर परिषद अध्यक्ष पलक नमित ग्रोवर ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में उपाध्यक्ष संतोष केवट उपस्थित रहे। इस अवसर पर नगर के गणमान्य नागरिकों, पार्षदों, जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों एवं बड़ी संख्या में आमजन की उपस्थिति ने आयोजन को भव्य बना दिया।

भव्य स्वागत में दिखी संस्कृति की झलक

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि के भव्य स्वागत से हुई। अध्यक्ष पलक ग्रोवर ने विधायक का शाल, श्रीफल, पगड़ी एवं पारंपरिक गदा भेंट कर अभिनंदन किया, जिससे आयोजन में भारतीय संस्कृति की झलक साफ दिखाई दी। पार्षदों एवं नागरिकों ने फूल-मालाओं से स्वागत कर माहौल को उत्सवमय बना दिया। अदानी एसीसी कैमोर की इंटक यूनियन द्वारा अजगर माला पहनाकर किया गया स्वागत विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

विकास कार्यों की झड़ी, शहर को मिली नई रफ्तार

अपने संबोधन में विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक ने नगर में हो रहे विकास कार्यों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि फाउंटेन (फुहारा) निर्माण, फायर स्टेशन, सड़कों का चौड़ीकरण, मुक्तिधाम का सौंदर्यीकरण, सीसी रोड एवं नाली निर्माण जैसे कार्य कैमोर को तेजी से विकास की ओर ले जा रहे हैं। उन्होंने इन परियोजनाओं को जनहित में अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

अध्यक्ष पलक ग्रोवर के नेतृत्व की खुलकर तारीफ

विधायक ने विशेष रूप से अध्यक्ष पलक नमित ग्रोवर की कार्यशैली, सक्रियता और जनसेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में नगर परिषद ने विकास कार्यों को नई दिशा और गति दी है। उन्होंने कहा कि यह नेतृत्व जनता के विश्वास को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रहा है।

युवाओं और संस्कृति के लिए नई सौगात

अपने स्वागत भाषण में अध्यक्ष पलक ग्रोवर ने नगर के विकास कार्यों की जानकारी देते हुए भविष्य की योजनाओं को साझा किया। उन्होंने युवाओं के लिए जिम सामग्री और सांस्कृतिक गतिविधियों हेतु ऑडिटोरियम निर्माण की मांग रखी। इस पर विधायक ने दोनों प्रस्तावों को स्वीकृति देने की घोषणा कर दी, जिससे सभा में खुशी की लहर दौड़ गई।

अदानी एसीसी से सहयोग की अपेक्षा

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने अदानी एसीसी से सामाजिक दायित्व निभाते हुए क्षेत्रीय विकास में योगदान देने की अपील की। उन्होंने कैमोर के 10 आंगनवाड़ी केंद्रों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने और विजयराघवगढ़ शासकीय अस्पताल में मेटरनिटी हॉल एवं ऑपरेशन थिएटर निर्माण की मांग रखी। कंपनी अधिकारियों ने इस दिशा में सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया।

आधुनिक फाउंटेन बना आकर्षण का केंद्र

इस आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण आधुनिक फाउंटेन रहा, जिसकी रंग-बिरंगी रोशनी ने पूरे वातावरण को मनमोहक बना दिया। शाम के समय इसकी झिलमिलाती लाइटों ने ऐसा दृश्य प्रस्तुत किया मानो पूरा शहर किसी उत्सव में डूब गया हो। विधायक सहित सभी उपस्थित लोगों ने इसकी भव्यता और आधुनिकता की जमकर सराहना की।

आईटीआई भवन के लिए 15 करोड़ की सौगात

विधायक के प्रयासों से कैमोर में नए आईटीआई भवन के निर्माण हेतु 15 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी मिली है। इस उपलब्धि पर नगर परिषद अध्यक्ष, पार्षदों और नागरिकों ने विधायक का आभार व्यक्त किया।

जनभागीदारी पर जोर

विधायक ने नागरिकों और पत्रकारों से विकास कार्यों में सुझाव देने की अपील करते हुए कहा कि जनभागीदारी से योजनाएं अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनती हैं।

सफल आयोजन, सकारात्मक संदेश

कार्यक्रम का संचालन स्वच्छता अधिकारी पृथ्वीराज सिंह ने प्रभावशाली ढंग से किया, जबकि अंत में सीएमओ मनीष परते ने आभार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति और जनप्रतिनिधियों के उत्साह ने इस आयोजन को यादगार बना दिया।

कैमोर में हुआ यह भव्य आयोजन न केवल विकास का प्रतीक बना, बल्कि यह संदेश भी दे गया कि जब जनप्रतिनिधि, प्रशासन और उद्योग साथ आते हैं, तो विकास की रफ्तार कई गुना बढ़ जाती है।

 

 

नीलेश रजक के परिवार को आर्थिक सहायता, संवेदनशील पहल की सराहना

नगर परिषद द्वारा आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक ने लगभग 5 माह पूर्व दिवंगत हुए भाजपा कार्यकर्ता नीलेश (नीलू) रजक के परिवार को करीब 8 लाख रुपये की सहायता राशि (चेक एवं नगद) उनकी माता, पत्नी एवं बच्चों को भेंट की। उल्लेखनीय है कि विधायक ने अपने जन्मदिन के अवसर पर लोगों से अपील की थी कि उन्हें किसी प्रकार का उपहार न देकर नीलू रजक के परिवार की सहायता की जाए। इस अपील का व्यापक प्रभाव देखने को मिला और जनसहयोग से एकत्रित राशि के साथ विधायक ने स्वयं भी अपनी ओर से सहयोग जोड़कर यह सहायता प्रदान की। इस संवेदनशील पहल की उपस्थित जनसमूह ने सराहना की और इसे समाज के प्रति जिम्मेदारी का एक प्रेरणादायक उदाहरण बताया।

Exit mobile version