कबीर कोहिनूर राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित हुए कटनी के शिक्षाविद् डॉ. मुकेश सिन्नरकर
कबीर कोहिनूर राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित हुए कटनी के शिक्षाविद् डॉ. मुकेश सिन्नरकर
कटनी। जिले के लिए गौरव का क्षण तब आया जब प्रबंधन विशेषज्ञ, शिक्षाविद्, लेखक एवं कवि डॉ. मुकेश सिन्नरकर को राजस्थान के नागौर जिले स्थित अखिल भारतीय कबीर मठ, बड़ी खाट में आयोजित कबीर जयंती महोत्सव-2026 के दौरान प्रतिष्ठित “कबीर कोहिनूर राष्ट्रीय सम्मान” से अलंकृत किया गया।
यह सम्मान उन्हें साहित्य सृजन, आध्यात्मिक चिंतन, परियोजना विकास एवं क्रियान्वयन में उत्कृष्ट योगदान तथा संत कबीर के विचारों और मानवता के संदेश के व्यापक प्रचार-प्रसार में उनकी उल्लेखनीय सेवाओं के लिए प्रदान किया गया।
सम्मान समारोह में अभिनेत्री एवं फिल्म निर्देशक सिल्विया डी ला रोजा सांजो, आध्यात्मिक विश्व गुरु महार्षि उषा योगी, पसुपति काला बाबा, डॉ. भूपेश कुमार, हिमालयनाथ भौम, संस्कार न्यूज के प्रधान संपादक विजय कुमार शर्मा तथा अखिल भारतीय कबीर मठ, बड़ी खाट के अधिष्ठाता महंत डॉ. नानकदास जी महाराज सहित देशभर से आए अनेक संत, विद्वान और विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान डॉ. सिन्नरकर को प्रशस्ति-पत्र, स्मृति-चिन्ह एवं सम्मान पट्टिका भेंट कर सम्मानित किया गया। इसी अवसर पर उनकी कबीर वाणी पर आधारित पुस्तक “सांधी से मूर्ख का गांव” तथा “मानवता निर्माण चेतना शिविर” के लिए तैयार 18 प्रेरणादायी गीतों के संग्रह का भी लोकार्पण किया गया।
डॉ. मुकेश सिन्नरकर लंबे समय से साहित्य और आध्यात्मिक लेखन के माध्यम से संत कबीर के जीवन-दर्शन, सामाजिक समरसता और मानवीय मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उन्हें मिला यह राष्ट्रीय सम्मान न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि कटनी के साहित्यिक, शैक्षिक एवं सांस्कृतिक जगत के लिए भी गर्व का विषय माना जा रहा है।