Site icon Yashbharat.com

Katni: कैमोर में पति-पत्नी पर पड़ोसी ने किया कुल्हाड़ी से हमला पत्नी की मौत, पति गंभीर

IMG 20201002 WA0014

कटनी/कैमोर। कैमोर थाना क्षेत्र की इंद्रा नगर बस्ती में कल गुरूवार की रात एक युवक ने पड़ोसी दंपति पर कुल्हाड़ी से कातिलाना हमला करके महिला को मौत के घाट उतार दिया जबकि महिला का पति हमले में गंभीर रुप से जख्मी हुआ है।

उसे ईलाज के लिए जिला चिकित्सालय कटनी ले जाया गया है। कातिलाना हमले की वजह दोनों पड़ोसी परिवारों के बीच बाड़ी को लेकर चल रहा विवाद और पुरानी रंजिश बताई जा रही। हत्या और हत्या के प्रयास की इस वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी पुलिस की हिरासत में तो है पर उसकी विधिवत गिरफ्तारी अभी नहीं कि गई है।

जिसके कारण पुलिस अभी आरोपी की गिरफ्तारी से इंकार कर रही है। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार नगर परिषद कैमोर के वार्ड नं 8 इंद्रा नगर बस्ती में मुख्य मार्ग से थोड़ा भीतर की ओर कुलिया से लगे दो कच्चे मकान आजू बाजू से स्थित हैं।

जिनमें से एक मे 36 वर्षीय संजू बर्मन और दूसरे में 40 वर्षीय सुनील उर्फ चुन्नू बर्मन का परिवार रहता है। एक ही समाज से होने के बावजूद दोनों परिवारों में कभी नहीं पटी बल्कि बाड़ी लगाने को लेकर दोनों के बीच काफी पहले से विवाद चला आ रहा था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सुनील उर्फ चुन्नू बर्मन की 36 वर्षीय पत्नी रजनी बर्मन द्वारा दो साल पहले पड़ोसी संजू बर्मन के विरुद्ध दुष्कर्म की शिकायत कैमोर थाने में दर्ज कराई थी। रजनी बर्मन की शिकायत पर आरोपी संजू बर्मन के विरुद्ध धारा 376 के तहत अपराध दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी की गई थी, जिसके बाद वह कुछ महीने जेल में भी रहा।

बदला लेने की फिराक में रहता था पड़ोसी
बताया जाता है कि कुछ महीने पहले संजू बर्मन जेल से छूटकर बाहर आया था। संजू बर्मन पर दुष्कर्म का मामला दर्ज होने के बाद वह रजनी बर्मन से बदला लेने के फिराक में रहता था।

किसी न किसी बात पर दोनों परिवारों के बीच आये दिन कहा सुनी होती रहती थी। कल रात भी दोनों परिवारों के बीच झगड़ा हुआ था। पहले दोनों परिवार अपने अपने घरों से ही एक दूसरे को बुरा भला कहते रहे बाद में दोनों घर से बाहर निकल कर कुलिया में आ गए। संजू बर्मन काफी गुस्से में था। अपने हाथ में वह धारदार कुल्हाड़ी लेकर बाहर निकला था।

रजनी बर्मन और उसके पति सुनील बर्मन से गाली गलौज करते हुए अचानक उसने दोनों पर कुल्हाड़ी से घातक प्रहार कर दिया। रजनी बर्मन के सिर और गले में लगी गहरी चोट से उसकी मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसके पति सुनील बर्मन के गले में घाव हुआ है।

सुनील को पहले विजयराघवगढ़ शासकीय अस्पताल तथा बाद में जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। जहां उसका उपचार जारी है।

पड़ोसियों ने दी पुलिस को सूचना
दोनों परिवारों के बीच गाली गलौज और फिर रजनी बर्मन की तेज चीखें सुनकर पड़ोसी बाहर निकल आये। किसी ने कैमोर थाने में फोन कर दिया। पति पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमले की खबर मिलने पर कैमोर थाना प्रभारी उपनिरीक्षक पंकज शुक्ला पुलिस कल के साथ रात में ही घटना स्थल पर पहुंच गए।

वारदात रात 11 बजे के आस पास की बताई जा रही। पुलिस ने रात में ही बुरी तरह जख्मी सुनील उर्फ चुन्नू बर्मन और रजनी बर्मन को विजयराघवगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा दिया था। जहां चिकित्सकों ने रजनी बर्मन को मृत घोषित कर दिया। वहीं पति सुनील बर्मन की नाजुक हालत को देखते हुए उसे गहन उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रिफर कर दिया।
आरोपी हिरासत में
वारदात के बाद आरोपी संजू बर्मन कही चला गया था पर आज सुबह से वह पुलिस की हिरासत में है। एपुलिस उससे पूछतांछ करके हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद करने का प्रयास कर रही। संभवत: लिखा पढ़ी के बाद कल आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

Exit mobile version