कटनी में भीषण सड़क हादसा: जबलपुर ले जाते समय घायल वृद्ध ने तोड़ा दम, मृतकों की संख्या बढ़कर 4

कटनी में भीषण सड़क हादसा: जबलपुर ले जाते समय घायल वृद्ध ने तोड़ा दम, मृतकों की संख्या बढ़कर

कटनी। कुठला थाना क्षेत्र अंतर्गत इंडस्ट्रियल एरिया ब्रिज के समीप रविवार को हुए भीषण बस एवं हाइवा सड़क हादसे ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। हादसे में अब मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। गंभीर रूप से घायल एक वृद्ध ने सोमवार को जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किए जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार देवीदीन रजक (65 वर्ष), पिता समना रजक, निवासी ग्राम खरखरी, थाना विजयराघवगढ़ हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए थे। जिला अस्पताल कटनी में उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए सोमवार दोपहर लगभग 12 बजे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। सूत्रों के मुताबिक कटनी-जबलपुर मार्ग पर सिहोरा क्षेत्र के आसपास उन्होंने अंतिम सांस ली। इसके साथ ही इस दर्दनाक हादसे में मृतकों की संख्या तीन से बढ़कर चार हो गई।

हादसे में जान गंवाने वाले मृतक

किशन कोल (30 वर्ष), निवासी विजयराघवगढ़,नीलम प्रजापति (26 वर्ष), निवासी झिरिया,राजू चौधरी (30 वर्ष), निवासी विजयराघवगढ़,देवीदीन रजक (65 वर्ष), निवासी खरखरी, विजयराघवगढ़

एक दर्जन से अधिक घायल अस्पताल में भर्ती

हादसे में कई यात्री घायल हुए हैं, जिनका उपचार जिला अस्पताल एवं अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में जारी है। घायलों में प्रमुख रूप से राम बर्मन, वर्षा बर्मन, सेवा बर्मन, सूर्य बर्मन (सभी निवासी कंवारा), शैलेश सोनी, संध्या सोनी, रामवीर सोनी, रीता चक्रवर्ती (रजरवारा नंबर-2), अंजली कुशवाहा, वीर कुशवाहा, चांदनी कुशवाहा (भानपुरा), रंजन पाल (हरिया), रामलाल लोधी (कैमूर), ओमप्रकाश पटेल, दिवाकर दुबे (खरखरी), जितेंद्र मिश्रा (कोटा), अमित पटेल (विजयराघवगढ़) तथा मेला आदिवासी सहित अन्य लोग शामिल हैं।

रविवार को हुआ था दर्दनाक हादसा

बताया जा रहा है कि रविवार को यात्रियों से भरी बस और हाइवा के बीच हुई जोरदार टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर पलट गई थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई थी और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।कटनी में भीषण सड़क हादसा: जबलपुर ले जाते समय घायल वृद्ध ने तोड़ा दम, मृतकों की संख्या बढ़कर 4

क्षेत्र में शोक की लहर

एक के बाद एक चार लोगों की मौत से विजयराघवगढ़ क्षेत्र सहित आसपास के गांवों में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

इंडस्ट्रियल एरिया ब्रिज के पास हुआ यह हादसा जिले के हाल के सबसे दर्दनाक सड़क हादसों में शामिल हो गया है, जिसने कई परिवारों की खुशियां एक पल में छीन लीं।

Exit mobile version