jabalpurLatestमध्यप्रदेश

​NH-45 पर बेकाबू वाहन की टक्कर से जबलपुर के 4 युवकों की असमय मौत, फरार ड्राइवर की तलाश में CCTV खंगाल रही पुलिस

​NH-45 पर बेकाबू वाहन की टक्कर से जबलपुर के 4 युवकों की असमय मौत, फरार ड्राइवर की तलाश में CCTV खंगाल रही पुलिस

​NH-45 पर बेकाबू वाहन की टक्कर से जबलपुर के 4 युवकों की असमय मौत, फरार ड्राइवर की तलाश में CCTV खंगाल रही पुलिस

नरसिंहपुर। जबलपुर-भोपाल राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 45 पर रविवार की शाम एक हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया है। नरसिंहपुर के सुआतला थाना क्षेत्र के अंतर्गत इंदिरा नगर के पास एक बेकाबू अज्ञात भारी वाहन ने सड़क किनारे खड़े छह युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में चार युवकों की असमय मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे का शिकार हुए सभी युवक जबलपुर जिले के निवासी थे और छुट्टी के दिन पिकनिक मनाने आए थे।

​हाथीनाला वॉटरफॉल घूमने गए थे सभी युवक

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, जबलपुर जिले के ग्राम पावला और बरपटी के रहने वाले छह युवक रविवार को नरसिंहपुर-जबलपुर सीमा पर स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल ‘हाथीनाला वॉटरफॉल’ घूमने गए थे। शाम को लौटते समय जब वे सुआतला थाना क्षेत्र में हाईवे के किनारे खड़े थे, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात भारी वाहन उन्हें रौंदते हुए फरार हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि उसकी गूंज दूर तक सुनाई दी।

​एक की मौके पर मौत, तीन ने रास्ते में तोड़ा दम

​नरसिंहपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया ने बताया कि हादसे में पावला निवासी राजेंद्र पटेल की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई। वहीं, पांच अन्य घायलों को राहगीरों और पुलिस की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जबलपुर रेफर किया गया।

​नियति को कुछ और ही मंजूर था; जबलपुर ले जाते समय रास्ते में शहपुरा के पास तीन और युवकों ने दम तोड़ दिया। शहपुरा थाना प्रभारी प्रतीक धुर्वे के अनुसार, रास्ते में दम तोड़ने वाले मृतकों की पहचान वीरेंद्र लोधी (20 वर्ष), रापाल लोधी (21 वर्ष) दोनों निवासी ग्राम पावला और जयपाल लोधी (30 वर्ष) निवासी बरपटी के रूप में हुई है।

​दो घायलों की हालत नाजुक, CCTV खंगाल रही पुलिस

​इस हादसे में गंभीर रूप से घायल दो अन्य युवकों—आकाश लोधी (24 वर्ष) और नीरज लोधी (25 वर्ष) निवासी बरपटी—का इलाज फिलहाल जबलपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है, जहाँ दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है।

पुलिस कार्रवाई: सुआतला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। टक्कर मारकर भागने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक का पता लगाने के लिए घटनास्थल के आसपास तथा हाईवे पर स्थित ढाबों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

​इस वीभत्स हादसे के बाद मृतकों के गांवों (पावला और बरपटी) में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Back to top button