कटनी में अभाविप के 78वें स्थापना दिवस पर मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान राष्ट्र निर्माण, सामाजिक जिम्मेदारी और नशा उन्मूलन में युवाओं की भूमिका पर वक्ताओं ने दिया जोर

कटनी में अभाविप के 78वें स्थापना दिवस पर मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान
राष्ट्र निर्माण, सामाजिक जिम्मेदारी और नशा उन्मूलन में युवाओं की भूमिका पर वक्ताओं ने दिया जो

कटनी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के 78वें स्थापना दिवस एवं राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर नगर निगम ऑडिटोरियम, बस स्टैंड कटनी में मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए सैकड़ों विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सकारात्मक नेतृत्व के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग कार्यवाह अमित कनकने ने कहा कि “आज का विद्यार्थी ही आज का जागरूक नागरिक है। विद्यार्थियों को केवल अपने अधिकारों की जानकारी ही नहीं, बल्कि नागरिक कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहना चाहिए। शिक्षा के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना भी आवश्यक है।” उन्होंने युवाओं से रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा नशा उन्मूलन जैसे सामाजिक अभियानों से जुड़ने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा अपनी शारीरिक, बौद्धिक एवं मानसिक शक्ति का सदुपयोग समाज, परिवार और राष्ट्रहित में करें। उन्होंने कहा कि आलोचना से घबराने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। “यदि आपकी आलोचना हो रही है तो समझिए आप आगे बढ़ रहे हैं।” उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन का स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर सामाजिक परिवेश को समझते हुए समाज सेवा में सक्रिय भागीदारी निभाने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं अभाविप के प्रांत सहमंत्री शिवेंद्र चतुर्वेदी ने राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद स्थापना काल से ही छात्र शक्ति को राष्ट्र शक्ति के रूप में संगठित करने का कार्य कर रही है। उन्होंने परिषद के छात्रहित आंदोलनों, सेवा कार्यों एवं संगठन की कार्यपद्धति की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से संगठन के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
समारोह में नगर के विभिन्न विद्यालयों से आए सैकड़ों विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। पूरे आयोजन के दौरान राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और ऊर्जा का वातावरण बना रहा। कार्यक्रम के अंत में नगर मंत्री अवध पांडेय ने आभार व्यक्त किया, जिसके पश्चात सभी ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन कर कार्यक्रम का समापन किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला कार्यवाह संजय त्रिपाठी, विभाग प्रमुख श्रीकांत शुक्ला, विभाग संयोजक सीमांत दुबे, जिला प्रमुख अनिल गर्ग, जिला संयोजक संजय कुशवाहा, नगर उपाध्यक्ष डॉ. भूपेंद्र शुक्ल, डॉ. जय प्रकाश अवस्थी, रचना गर्ग, साक्षी, प्राची, सिमरन, विवेक सहित अभाविप एवं संघ के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Exit mobile version