शिकायत से समाधान तक : जनसुनवाई में बढ़ रहा आमजन का विश्वास,पुलिस ने सुनीं आमजन की समस्याएं, संबंधित अधिकारियों को दिए त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश

 

शिकायत से समाधान तक : जनसुनवाई में बढ़ रहा आमजन का विश्वास,पुलिस ने सुनीं आमजन की समस्याएं, संबंधित अधिकारियों को दिए त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण के निर्दे

कटनी । मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार आमजन की शिकायतों के त्वरित निराकरण और समस्याओं के प्रभावी समाधान के लिए प्रत्येक मंगलवार आयोजित होने वाली जनसुनवाई के क्रम में मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय कटनी में जनसुनवाई आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा ने जनसुनवाई में पहुंचे आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना।

जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर त्वरित, निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कई मामलों में अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, जबकि कुछ प्रकरणों में दूरभाष के माध्यम से संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई में बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। प्राप्त आवेदनों में पारिवारिक एवं पड़ोसी विवाद, दस्तावेजों का दुरुपयोग कर ऋण लेने से संबंधित धोखाधड़ी, पैसों के लेन-देन के विवाद, मकान एवं दुकान पर अवैध कब्जे की शिकायतें, महिला को ब्लैकमेल किए जाने, वित्तीय धोखाधड़ी, पुलिस द्वारा सुनवाई नहीं किए जाने की शिकायतें, प्लॉट एवं भूमि संबंधी विवाद, महिला अपराध सहित अन्य पुलिस संबंधी मामले शामिल रहे।

पुलिस अधिकारियों ने प्रत्येक आवेदक की समस्या को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित थाना एवं अधिकारियों को प्रकरणों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के माध्यम से पुलिस प्रशासन द्वारा आमजन को उनकी शिकायतों के समाधान के लिए सीधा मंच उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे नागरिकों में पुलिस व्यवस्था के प्रति विश्वास बढ़ने के साथ-साथ उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान की उम्मीद भी मजबूत हो रही है।

Exit mobile version