रीठी अध्ययन केन्द्र में गांधी जयंती का हुआ आयोजन,सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत वृद्धजनों का किया गया सम्मान
रीठी अध्ययन केन्द्र में गांधी जयंती का हुआ आयोजन,सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत वृद्धजनों का किया गया सम्मान
रीठी। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के रीठी अध्ययन केन्द्र में संचालित पाठ्यक्रम BSW व MSW की तृतीय कक्षा का आयोजन शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय रीठी अध्ययन केंद्र में किया गया जिसमें निर्धारित समयसारिणी अनुसार परामर्शदाताओं द्वारा कक्षा का संचालन किया गया और साथ मे कक्षा के अंतिम सत्र में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
इस अवसर पर “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत क्षेत्र के वृद्धजनों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त वरिष्ठ शिक्षक श्री रामनारायण राय जी उपस्थित हुए। इस अवसर पर विकासखंड समन्वयक श्री जगह सिंह मसराम द्वारा उनका शॉल-श्रीफल एवं पुष्पमाला से सम्मान कर उनके अनुभवों और योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम में उद्बोधन की श्रृंखला में परामर्शदाता अरुण तिवारी ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सेवा और सामाजिक समरसता के विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गांधीजी का जीवन समाज के प्रत्येक वर्ग के प्रति संवेदनशीलता और सेवा की प्रेरणा देता है। वृद्धजनों का सम्मान हमारी भारतीय संस्कृति और संस्कारों की पहचान है।
*इसके पश्चात विकासखंड समन्वयक श्री जगह सिंह मसराम ने अपने उद्बोधन में महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा एवं स्वच्छता के सिद्धांतों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गांधीजी के विचार आज भी समाज को सही दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने युवाओं से गांधीजी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
इसी अवसर पर परामर्शदाता शरद यादव ने कहा कि वृद्धजन हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके जीवन के अनुभव और संघर्ष नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से वृद्धजनों के सम्मान एवं सहयोग को सामाजिक जिम्मेदारी बताया।*
अंतिम वक्ता के रूप में तृतीय वर्ष के छात्र गनपत कोल ने अपने उद्बोधन में कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव केवल सरकारी योजनाओं से नहीं, बल्कि सामूहिक सहभागिता और सेवा भावना से संभव है। उन्होंने उपस्थित लोगों से जरूरतमंद एवं वृद्धजनों की सहायता करने तथा समाज में आपसी सम्मान और संवेदनशीलता की भावना विकसित करने का संकल्प लेने की अपील की और अंत मे स्वच्छता बनाये रखने व आवश्यक सहयोग हेतु सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के दौरान परामर्शदाता अमर बहादुर यादव, साक्षी नामदेव, महेश बर्मन, एवं निर्मिला श्रीवास्तव, लक्ष्मी बर्मन, राघवेंद्र यादव, नीरज श्रीवास्तव, रामचरण रैदास, मीनू प्रधान, सपना सिंह सहित छात्र, छात्राओं की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन परामर्शदाता शरद यादव व आभार प्रदर्शन श्री अरुण तिवारी द्वारा किया गया।