अग्रसेन जयंती महोत्सव में कल सजेगा प्रतिभाओं का मंच, 8 प्रतियोगिताओं में दिखेगा हुनर
मालवीयगंज स्थित अग्रवाल भवन में दोपहर 12 बजे से आयोजन, बच्चों, युवाओं और महिलाओं सहित सभी आयु वर्ग के प्रतिभागी दिखाएंगे अपनी प्रतिभा
कटनी। अग्रवाल नवयुवक मंडल एवं अग्रवाल महिला मंडल कटनी के संयुक्त तत्वावधान में श्री श्री 1008 अग्रसेन महाराज जयंती महोत्सव-2026 के तहत रविवार, 4 अक्टूबर को विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम श्री अग्रवाल भवन (धर्मशाला), मालवीयगंज कटनी में दोपहर 12 बजे से आयोजित होगा।
महोत्सव के तीसरे दिवस आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं में हस्तकला, चित्रकला, तोरण बनाओ, कोसिया आर्ट, फायर-फ्री कुकिंग, सामान्य ज्ञान, मंच प्रदर्शन एवं भजन अंताक्षरी प्रतियोगिता शामिल हैं।
हस्तकला प्रतियोगिता में 5 से 8 वर्ष तथा 9 से 13 वर्ष के बच्चों के लिए दो वर्ग रखे गए हैं। चित्रकला प्रतियोगिता में 5 से 10 वर्ष के बच्चों के लिए ‘गांव का जीवन’ तथा 11 से 17 वर्ष के बच्चों के लिए ‘मोबाइल एवं टीवी के बिना बच्चों की एक दुनिया, पारंपरिक खेल खेलते हुए’ विषय रखा गया है।
तोरण बनाओ प्रतियोगिता में 13 से 17 वर्ष के प्रतिभागी केवल प्राकृतिक फूलों एवं पत्तियों से तोरण तैयार करेंगे। कोसिया आर्ट प्रतियोगिता में 18 वर्ष या उससे अधिक आयु की छात्राएं एवं महिलाएं भाग ले सकेंगी।
फायर-फ्री कुकिंग प्रतियोगिता में 18 वर्ष या उससे अधिक आयु की छात्राएं एवं महिलाएं तथा छात्र एवं पुरुष भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता में बिना आग के 45 मिनट में मीठा या नमकीन व्यंजन तैयार करना होगा। इसमें पुरुष पदाधिकारी भी प्रतिभागी बन सकेंगे।
सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के लिए 11 से 17 वर्ष तथा 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के प्रतिभागियों के लिए अलग-अलग वर्ग बनाए गए हैं। मंच प्रदर्शन प्रतियोगिता में 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के महिला-पुरुष एवं छात्र-छात्राएं भाग ले सकेंगे। इसमें दो प्रतिभागियों को मंच पर ‘सोशल मीडिया ट्रेंडिंग रील’ प्रस्तुत करनी होगी। इसमें कम से कम एक विवाहित महिला प्रतिभागी का होना अनिवार्य है तथा प्रस्तुति की अधिकतम समय सीमा 3 मिनट होगी।
भजन अंताक्षरी प्रतियोगिता में 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के केवल विवाहित महिला-पुरुष भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता में मंच पर दिए गए शब्दों के आधार पर भजन प्रस्तुत करना होगा। दिया गया शब्द भजन के मुखड़े या अंतरे में कहीं भी आ सकता है।
आयोजकों ने समस्त स्वजातीय अग्र बंधुओं, महिलाओं एवं बच्चों से अधिक से अधिक प्रतियोगिताओं में सहभागिता कर महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है।