कुठला थाने में खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगाने वाले व्यक्ति की मौत चोरी के मामले में बेटे के जेल जाने और पत्नी को आरोपी बनाए जाने से था नाराज
कुठला थाने में खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगाने वाले व्यक्ति की मौत
चोरी के मामले में बेटे के जेल जाने और पत्नी को आरोपी बनाए जाने से था नारा
कटनी। कुठला थाना परिसर में शुक्रवार को खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगाने वाले दलपत पटेल की उपचार के दौरान मौत हो गई। गंभीर रूप से झुलसने के बाद उसे प्राथमिक उपचार के पश्चात जबलपुर रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, दलपत पटेल का बेटा चोरी के एक मामले में जेल में बंद है। इसी मामले में उसकी पत्नी को भी आरोपी बनाए जाने की बात सामने आई थी। बताया जा रहा है कि इसी को लेकर दलपत पटेल नाराज था। शुक्रवार को वह कुठला थाना परिसर पहुंचा, जहां कथित तौर पर उसने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली।
घटना के बाद थाना परिसर में हड़कंप मच गया। पुलिसकर्मियों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया और गंभीर रूप से झुलसे दलपत को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे जबलपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दलपत ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया और घटना के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी, इसे लेकर पुलिस की जांच जारी है। मामले में पुलिस के आधिकारिक बयान का इंतजार है।