युवा शक्ति के संकल्प से विकसित भारत की राह होगी मजबूत: वीडी शर्मा
वड़नगर से वाराणसी जा रहे सेवा यात्रियों का विजयराघवगढ़-बड़वारा में हुआ स्वागत, युवाओं से किया संवाद; ऐतिहासिक किले में श्रमदान कर दिया विरासत संरक्षण का संदेश
यशभारत डॉट कॉम कटनी। वड़नगर से वाराणसी तक निकाली जा रही सेवा यात्रा का कटनी जिले में जगह-जगह आत्मीय स्वागत किया गया। सेवा से संकल्प अभियान के तहत यात्रा के विजयराघवगढ़ और बड़वारा क्षेत्र में पहुंचने पर नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ सेवा यात्रियों का स्वागत किया। इस दौरान खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने युवाओं से संवाद करते हुए उन्हें सेवा, कौशल, नवाचार और राष्ट्र निर्माण से जुड़ने का आह्वान किया।
सांसद वीडी शर्मा ने कहा कि भारत की युवा शक्ति देश के वर्तमान के साथ-साथ विकसित भारत के भविष्य की सबसे बड़ी आधारशिला है। युवाओं की ऊर्जा जब सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जुड़ती है, तो विकास की गति और तेज होती है। उन्होंने युवाओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपनी प्रतिभा और सामर्थ्य का उपयोग राष्ट्रहित में करने की अपील की।
युवाओं से लक्ष्य और कौशल पर ध्यान देने का आह्वान
युवा संवाद के दौरान वीडी शर्मा ने कहा कि देश की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा शक्ति है। युवाओं को अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित कर शिक्षा और कौशल को अपनी ताकत बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच और नवाचार के साथ आगे बढ़ते हुए युवा व्यक्तिगत सफलता के साथ समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व को भी समझें।
उन्होंने युवाओं से सेवा भाव को जीवन का हिस्सा बनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कई स्थानों पर हुआ सेवा यात्रियों का स्वागत
सेवा से संकल्प अभियान के तहत वड़नगर से वाराणसी की ओर बढ़ रहे सेवा यात्रियों का कटनी जिले में कैमोर, राखीपुरैनी गौरहा, जीजनौरी, देवराकला, भैंसवाही और कन्हवारा सहित विभिन्न स्थानों पर स्वागत किया गया। नागरिकों और कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ यात्रा में शामिल लोगों का स्वागत किया।
कैमोर में आयोजित युवा संवाद में सेवा यात्रियों ने युवाओं से बातचीत की। इस दौरान उन्हें लक्ष्य निर्धारित करने, अपनी क्षमता पहचानने और लगातार सीखते रहने के लिए प्रेरित किया गया।
विजयराघवगढ़ किले में किया श्रमदान
विजयराघवगढ़ पहुंचने पर सेवा यात्रियों ने ऐतिहासिक विजयराघवगढ़ किले का अवलोकन किया। इसके बाद किले परिसर में श्रमदान कर स्वच्छता अभियान चलाया गया। सेवा यात्रियों ने स्वयं झाड़ू लगाकर ऐतिहासिक धरोहरों को स्वच्छ रखने और उनके संरक्षण का संदेश दिया।
इस दौरान कहा गया कि ऐतिहासिक धरोहरें केवल अतीत की पहचान नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों की अमानत भी हैं। इनके संरक्षण और स्वच्छता की जिम्मेदारी समाज के प्रत्येक नागरिक की है।
कार्यक्रमों में भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हिमांग जोशी, विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक, बड़वारा विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह, भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर, जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी सहित जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।