पूर्व गणतंत्र दिवस परेड चयन प्रक्रिया में स्वयंसेवकों ने दिखाया अनुशासन और प्रतिभा परेड, शारीरिक दक्षता, साक्षात्कार व सांस्कृतिक गतिविधियों के आधार पर हुआ विश्वविद्यालय स्तरीय चयन

पूर्व गणतंत्र दिवस परेड चयन प्रक्रिया में स्वयंसेवकों ने दिखाया अनुशासन और प्रतिभा

परेड, शारीरिक दक्षता, साक्षात्कार व सांस्कृतिक गतिविधियों के आधार पर हुआ विश्वविद्यालय स्तरीय चय

कटनी, 1 अक्टूबर। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कटनी में गुरुवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की जिला स्तरीय पूर्व गणतंत्र दिवस परेड चयन प्रक्रिया आयोजित की गई। कार्यक्रम महाविद्यालय की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. माधुरी गर्ग के निर्देशन एवं एनएसएस जिला संगठक डॉ. रुक्मणी प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। विभिन्न महाविद्यालयों से चयनित एनएसएस स्वयंसेवकों ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया।

चयन प्रक्रिया को चार श्रेणियों में विभाजित किया गया था। परेड ड्रिल के लिए 50 अंक, सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए 30 अंक, शारीरिक दक्षता के लिए 10 अंक तथा एनएसएस एवं सामान्य ज्ञान के लिए 10 अंक निर्धारित किए गए थे। दो चरणों में आयोजित प्रक्रिया के प्रथम चरण में शारीरिक दक्षता एवं परेड ड्रिल का परीक्षण किया गया, जबकि द्वितीय चरण में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, साक्षात्कार तथा एनएसएस एवं सामान्य ज्ञान से संबंधित प्रश्न पूछे गए।

स्वयंसेवकों ने परेड, दौड़, साक्षात्कार और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास एवं प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्वयंसेवकों का आगामी विश्वविद्यालय स्तरीय चयन प्रक्रिया के लिए चयन किया गया। चयनित स्वयंसेवक विश्वविद्यालय स्तर पर कटनी जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

डॉ. माधुरी गर्ग ने चयनित स्वयंसेवकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एनएसएस का उद्देश्य युवाओं की ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण से जोड़ना है। गणतंत्र दिवस परेड जैसे अवसर स्वयंसेवकों को अनुशासन, नेतृत्व और सेवा भावना के साथ राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं।

डॉ. रुक्मणी प्रताप सिंह ने स्वयंसेवकों को चयन प्रक्रिया के मापदंडों की जानकारी देते हुए आगामी चयन के लिए पूरी मेहनत और लगन से तैयारी करने की शुभकामनाएं दीं।

निर्णायक मंडल में डॉ. माधुरी गर्ग, डॉ. सरदार दिवाकर, डॉ. रुक्मणी प्रताप सिंह, डॉ. राजकुमार, डॉ. प्रतिमा सिंह, डॉ. अखिलेश कुमार द्विवेदी सहित विभिन्न महाविद्यालयों की कार्यक्रम अधिकारियों का सहयोग रहा। वरिष्ठ स्वयंसेवक कनक सोनी तथा एनसीसी कैडेट दीपेश कुमार यादव और सुमित कुमार ने आयोजन में सक्रिय सहयोग प्रदान किया। संचालन डॉ. आरपी सिंह ने किया तथा आभार डॉ. माधुरी गर्ग ने व्यक्त किया।

अनुशासन से राष्ट्रसेवा की ओर

पूर्व गणतंत्र दिवस परेड चयन शिविर केवल चयन की प्रक्रिया नहीं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास, टीम भावना, सामाजिक संवेदनशीलता और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच है।

↑
Exit mobile version