मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा की 3 बसें कटनी पहुंचीं, इन रूटों पर होगी शुरुआत

कैमोर, बाकल और सलैया से कटनी के लिए चलेंगी बसें, GPS और पैनिक बटन से यात्रियों की सुरक्षा होगी मजबूत

कटनी। मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत कटनी जिले के लिए मिलीं तीन यात्री बसें कटनी पहुंच गई हैं। ये बसें कैमोर, बाकल और सलैया से कटनी के बीच संचालित होंगी। इससे ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों के लोगों को जिला मुख्यालय तक आने-जाने में सुविधा मिलेगी।

बसों का संचालन दीनदयाल कटनी सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड द्वारा किया जाएगा। तीनों बसों को निर्धारित रूट पर चलाया जाएगा।

मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा की बसें इन तीन रूट पर चलेंगी इन तीन रूट पर चलेंगी बसें

पहली बस कैमोर से कटनी के बीच करीब 42 किलोमीटर के रूट पर चलेगी। यह बस विजयराघवगढ़, देवरा और कन्हवारा होते हुए कटनी पहुंचेगी।

दूसरी बस बाकल से कटनी के बीच पटना, सलैया, रीठी, मगरधा, इमलिया और खरखरी होते हुए चलेगी। तीसरी बस सलैया से कटनी के बीच सलैया, पाली, लालपुर, रीठी, मोहास, मगरधा, इमलिया और खरखरी होते हुए कटनी पहुंचेगी।

मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत कटनी को मिली तीन यात्री बसों की सौगात,मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी ने भोपाल से बसों का किया शुभारंभ

इन बस सेवाओं से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और रोजमर्रा के जरूरी कामों के लिए कटनी आने-जाने में सुविधा मिलेगी।

पैनिक बटन और GPS की सुविधा

इन बसों में यात्रियों की सुरक्षा के लिए पैनिक बटन और GPS की सुविधा दी गई है। GPS के जरिए बसों की लाइव लोकेशन की निगरानी की जा सकेगी। वहीं आपात स्थिति में यात्री पैनिक बटन का इस्तेमाल कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत शुरू होने वाली इन बसों से जिले के ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों को कटनी जिला मुख्यालय से बेहतर परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है।

↑
Exit mobile version