स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत धार्मिक स्थलों से जलस्रोतों तक चला विशेष स्वच्छता अभियान,जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने निभाई सहभागिता,2 अक्टूबर को सफाई मित्रों का सम्मान एवं ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित

स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत धार्मिक स्थलों से जलस्रोतों तक चला विशेष स्वच्छता अभियान,जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने निभाई सहभागिता,2 अक्टूबर को सफाई मित्रों का सम्मान एवं ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजि

 

कटनी – स्वच्छता ही सेवा-2026 एवं सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नगर पालिक निगम कटनी द्वारा सेवा मेरा योगदान अभियान के तहत स्वच्छता गतिविधियों को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ते हुए अभियान को गति दी जा रही है। निगमायुक्त श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर के निर्देशानुसार गुरुवार 1 अक्टूबर को नगर के विभिन्न विभिन्न धार्मिक स्थलों, जलस्रोतों, हाट-बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया गया। अभियान में जनप्रतिनिधियों, स्थानीय नागरिकों तथा निगम अधिकारी-कर्मचारियों ने सहभागिता करते हुए श्रमदान एवं स्वच्छता गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

 

धार्मिक स्थलों की स्वच्छता पर विशेष जोर

 

सेवा मेरा योगदान अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों की सहभागिता के बीच आचार्य विनोबा भावे वार्ड रविदास मंदिर के पास, भट्ठा मोहल्ला कृष्ण मंदिर, लखेरा बड़ी खेर माई मंदिर, रंगनाथ मंदिर, रामपुर खिरहनी स्थित मंदिर, शिवधाम मंदिर, स्टेशन रोड हनुमान जी का मंदिर, झंडा बाजार काली माता मंदिर, सत्य नारायण मंदिर, माधव नगर झूलेलाल मंदिर, राम जानकी मंदिर आधार काप ईश्वरी पुरा वार्ड नगीना मस्जिद सहित नगर के अन्य वार्डों के मंदिरों के प्रांगण तथा आस पास के क्षेत्रों में श्रमदान कर विशेष सफाई अभियान चलाया गया।

 

जल स्रोतों की सफाई व्यवस्था में विशेष जोर

 

अभियान के तहत नगर के विभिन्न जल स्रोतों बाल गंगाधर तिलक वार्ड ट्रांसपोर्ट नगर स्थित तालाब, अमीरगंज तालाब, मोहन घाट, गायत्री नगर बाबा घाट, माई नदी, मंगल नगर छपरवाह घाट सहित नगर के अन्य जल स्रोतों के आसपास विशेष सफाई कर कचरे एवं अनुपयोगी सामग्री का निस्तारण कराया गया। हाट-बाजारों एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर भी स्वच्छता गतिविधियां संचालित की गईं। इस दौरान नागरिकों को सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फेंकने, निर्धारित स्थान पर ही कचरा देने तथा स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में निगम का सहयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

 

जनभागीदारी से स्वच्छता अभियान को मिला व्यापक स्वरूप

 

अभियान के दौरान स्वच्छता गतिविधियों में स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने का प्रयास किया गया। निगम प्रशासन द्वारा विभिन्न सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं अन्य संस्थाओं को भी अभियान से जोड़ते हुए स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया जा रहा है। निगम के स्वच्छता अमले द्वारा अभियान के दौरान चिन्हित स्थानों पर आवश्यक सफाई कार्य एवं कचरा उठाव की कार्यवाही सुनिश्चित की गई।

 

2 अक्टूबर को बस स्टैंड परिसर में स्वच्छता गतिविधियां आयोजित

 

अभियान के अगले चरण में 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर प्रातः 10 बजे विशेष स्वच्छता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। बस स्टैंड परिसर में स्वच्छता संबंधी गतिविधियों के साथ नगर की स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाई मित्रों के सम्मान का कार्यक्रम आयोजित होगा। कार्यक्रम के माध्यम से सफाई मित्रों के योगदान के प्रति सम्मान एवं उनके मनोबल को बढ़ाने का संदेश दिया जाएगा।

 

‘एक पेड़ मां के नाम’ से पर्यावरण संरक्षण का संदेश

 

इसके अतिरिक्त 2 अक्टूबर को ही ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत शहरी हरियाली को बढावा देने के लिए पौधरोपण गतिविधियां आयोजित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा। निगम द्वारा जनप्रतिनिधियों, नागरिकों एवं समाजसेवी संस्थाओं से अपील की गई है कि वे पौधरोपण के साथ उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएं तथा स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।

 

निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी है। नागरिक स्वयं स्वच्छता के प्रहरी बनें और स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ कटनी के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

↑
Exit mobile version