Site icon Yashbharat.com

अग्नि दुर्घटना की आशंका पर निगम की सख्त कार्यवाही, मजार गली में कबाड़ सामग्री जब्त,मिशन चौक क्षेत्र में ज्वलनशील सामग्री के अव्यवस्थित भंडारण पर कार्रवाई

IMG 20260428 WA0056

अग्नि दुर्घटना की आशंका पर निगम की सख्त कार्यवाही, मजार गली में कबाड़ सामग्री जब्त,मिशन चौक क्षेत्र में ज्वलनशील सामग्री के अव्यवस्थित भंडारण पर कार्रवाई

कटनी – ग्रीष्म ऋतु में बढ़ते तापमान और उससे उत्पन्न अग्नि दुर्घटनाओं की संभावनाओं को देखते हुए नगर पालिक निगम कटनी द्वारा शहर में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसी कड़ी में मिशन चौक स्थित मजार गली क्षेत्र में निगम के अतिक्रमण अमले द्वारा एक कबाड़ व्यवसायी के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की गई।

 

अतिक्रमण प्रभारी श्री मानेन्द्र सिंह ने बताया कि निरीक्षण के दौरान पाया गया कि संबंधित कबाड़ व्यवसायी द्वारा बड़ी मात्रा में ज्वलनशील कबाड़ सामग्री जैसे प्लास्टिक, कागज, रबर एवं अन्य अपशिष्ट का अव्यवस्थित ढंग से भंडारण किया गया था। संकरी गली और घनी आबादी वाले इस क्षेत्र में ऐसी स्थिति किसी भी समय गंभीर अग्नि दुर्घटना का कारण बन सकती थी।

 

स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए निगम टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से कबाड़ सामग्री जब्त की जाकर एमएसडब्लू प्लांट भेजते हुए क्षेत्र को संभावित खतरे से मुक्त कराया। इस दौरान संबंधित व्यवसायी को सख्त चेतावनी देते हुए निर्देशित किया गया कि भविष्य में आबादी क्षेत्र से दूर कबाड़ सामग्री का भंडारण करें और अग्नि सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित करें।

निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही पाई जाती है, तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार जुर्माना एवं अन्य कठोर दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी।

नगर निगम ने शहर के समस्त व्यापारियों एवं नागरिकों से अपील की है कि वे अपने प्रतिष्ठानों एवं परिसरों में ज्वलनशील सामग्री का सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित भंडारण करें, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचें, ताकि शहर को सुरक्षित और दुर्घटना मुक्त बनाया जा सके।

Exit mobile version