Site icon Yashbharat.com

मुड़वारा से मझगवां फाटक के बीच सिग्नल सिस्टम से जुड़ी कॉपर वायर चोरी करने वाला गिरोह चढ़ा आरपीएफ के हत्थे, चार गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

IMG 20260411 WA0034

मुड़वारा से मझगवां फाटक के बीच सिग्नल सिस्टम से जुड़ी कॉपर वायर चोरी करने वाला गिरोह चढ़ा आरपीएफ के हत्थे, चार गिरफ्तार, अन्य की तलाश जार

कटनी। बीना-कटनी रेलखंड पर सिग्नल सिस्टम से जुड़ी कॉपर वायर चोरी करने के मामले में आरपीएफ को बड़ी सफलता मिली है। आरपीएफ ने इस मामले में भट्ठा मोहल्ला क्षेत्र निवासी एक शातिर बदमाश सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है जबकि वारदात में शामिल अन्य बदमाशों की तलाश की जा रही है। गौरतलब है कि 5 अप्रैल से 8 अप्रैल के बीच बीना-कटनी रेलखंड पर कटनी मुड़वारा रेलवे स्टेशन से न्यू मझगवां फाटक रेलवे स्टेशन रेलवे सिग्नलिंग सिस्टम में लगी कॉपर वायर को अज्ञात बदमाशों ने पार कर दिया था। जिससे सिग्नलिंग व्यवस्था ठप पड़ गई। इस घटना से इस रेल खंड पर ट्रेनों का संचालन भी बाधित रहा और ट्रेनों को कॉशन ऑर्डर पर चलाया गया। यह वायर ट्रेनों के सुरक्षित संचालन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। बताया जाता है कि चोरों ने इस दौरान 4 से 5 सिग्नलों को नुकसान पहुंचाते हुए वहां से कॉपर वायर निकाल ली थी। इस वजह से संबंधित रेलखंड पर सिग्नल सिस्टम बाधित हो गया, जिससे ट्रेनों को सामान्य गति से चलाना संभव नहीं रहा। रेलवे प्रशासन को तत्काल कॉशन ऑर्डर जारी करना पड़ा, जिसके तहत ट्रेनों को बेहद धीमी गति से सावधानीपूर्वक चलाया गया। इस घटना के कारण चार मालगाडियां और दो यात्री ट्रेनें प्रभावित हुईं। इनमें पैसेंजर ट्रेनें भी शामिल थीं जो अपने निर्धारित समय से देरी से अपने गंतव्य के लिए रवाना हुईं। आरपीएफ पोस्ट प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपी आंशु उर्फ आलियाश निवासी भट्टा मोहल्ला सहित उसके गैंग के तीन अन्य सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई सिग्नल कॉपर वायर भी बरामद की गई है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ आरपीएफ एक्ट और रेलवे अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं इस गिरोह से जुड़े एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

Exit mobile version