संघर्ष और दृढ़ संकल्प की मिसाल बनीं विदुषी सिंह, बनीं चार्टर्ड अकाउंटेंट

संघर्ष और दृढ़ संकल्प की मिसाल बनीं विदुषी सिंह, बनीं चार्टर्ड अकाउंटें

कटनी -द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) द्वारा आयोजित मई 2026 की सीए फाइनल परीक्षा के घोषित परिणामों में जबलपुर की विदुषी सिंह ने सफलता प्राप्त कर चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) की प्रतिष्ठित उपाधि हासिल की है। उनकी उपलब्धि कठिन परिस्थितियों में भी निरंतर प्रयास और दृढ़ संकल्प का प्रेरणादायी उदाहरण है।

हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी विदुषी सिंह, लघु उद्योग भारती महाकौशल प्रांत के महामंत्री हरी सिंह भदौरिया एवं शोभना सिंह की पुत्री हैं। विदुषी वर्ष 2020 से सीए बनने के लिए प्रयासरत थीं। कोरोना महामारी के कारण उनकी तैयारी प्रभावित हुई, जिससे दो वर्षों का समय प्रभावित हुआ, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और पुनः पूरी लगन के साथ अध्ययन जारी रखा।

सीए फाइनल परीक्षा के दौरान उनके जीवन में एक बड़ा पारिवारिक संकट भी आया। परीक्षा के अंतिम चरण में उनके भाई का असामयिक निधन हो गया, जिससे पूरा परिवार गहरे शोक में डूब गया। इसके बावजूद विदुषी ने धैर्य और साहस का परिचय देते हुए अपनी पढ़ाई जारी रखी और मई 2026 की परीक्षा में ग्रुप-2 उत्तीर्ण कर सफलता प्राप्त की।

विदुषी ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के आशीर्वाद, गुरुजनों के मार्गदर्शन तथा अपने दिवंगत भाई की प्रेरणा को दिया है।

उनकी इस उपलब्धि पर सामाजिक, औद्योगिक एवं विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। उनकी सफलता को युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताया गया है।

Exit mobile version