Tree Plantation in Krondigram: विश्व पर्यावरण दिवस पर भारत के केंद्र बिंदु करौंदी में वृक्षारोपण

कटनी। वर्तमान परिदृश्य में कोविड-महामारी के दूसरी लहर के दौरान हम सभी ने देखा कि किस तरह से ऑक्सीजन की कमी चारों और रही, ऑक्सीजन के प्राकृतिक निर्माता के रूप में और प्रकृति के तापमान को नियंत्रित रखने में वृक्षों की बहुत बड़ी भूमिका है।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पर्यावरण संरक्षण गतिविधि द्वारा 300 पौधों का हुआ रोपण

विभिन्न सामाजिक संगठनों की भी रही सहभागिता

बाल्यावस्था से लेकर के युवा वर्ग और वृद्धावस्था तक प्रत्येक व्यक्ति को जीवन में न्यूनतम 10 वृक्ष लगाने का संकल्प लेना चाहिए; भविष्य में किसी भी तरह के प्राकृतिक असंतुलन को रोकने के लिए हम सभी को पौधारोपण के साथ-साथ उनकी जीवन भर रक्षा का संकल्प लेना चाहिए”।

उक्त उद्गार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सतना विभाग के विभाग प्रचारक  संजय तिवारी ने भारत के केंद्र बिंदु पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के तत्वाधान में आयोजित, आज 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष में वृक्षारोपण अभियान कार्यक्रम के दौरान व्यक्त किए।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा पूरे देश भर के प्राकृतिक रूप से संरक्षित कई स्थानों पर ,आज विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष में पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के माध्यम से पौधारोपण के कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं।

इसी श्रंखला में भारत के केंद्र बिंदु करौंदी में एवं गर्रा घाट, ढीमरखेड़ा कटनी में फलदार एवं औषधीय वृक्षों का पौधारोपण किया गया और प्रकृति पूजन के माध्यम से उपस्थित समस्त जनों को प्रकृति के संरक्षण का संकल्प दिलाया गया।

इसमें स्व0अनिल माधव दवे स्मृति में भी सामाजिक बंधुओं द्वारा पौधारोपण किया गया।

उक्त अवसर पर संजय त्रिपाठी,पद्मेश गौतम, अशोक विश्वकर्मा,प्रशांत रॉय, गोविंद सिंह, राजेश चौरसिया, राकेश त्रिपाठी, राजेश व्योहार,कालूराम चौरसिया,अजय माली,सुशील दुबे ,महर्षि संस्थान से अरविंद सिंह, मुकेश सक्सेना एवं पत्रकार बंधु, समाजसेवी तथा पर्यावरण प्रेमियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में कोविड- अनुशासन का पूर्णता पालन करते हुए वृक्षारोपण किया गया।

कार्यक्रम का संचालन अटल बिहारी वाजपेयी, जिला संयोजक पर्यावरण संरक्षण गतिविधि जिला कटनी द्वारा किया गया तथा आभार प्रदर्शन राकेश त्रिपाठी के द्वारा किया गया।

 

Exit mobile version