शहर में देर शाम अचानक मौसम ने करवट ली, तेज बारिश ने पूरे शहर को किया तरबतर

कटनी। शहर में आज देर शाम अचानक मौसम ने करवट ली और तेज बारिश ने पूरे शहर को तरबतर कर दिया। दिनभर उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को जहां बारिश से कुछ राहत मिली, वहीं अचानक शुरू हुई तेज बारिश ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया।

शाम के समय बिना किसी पूर्व संकेत के घने बादल छा गए और कुछ ही देर में तेज हवा के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। बारिश इतनी तेज थी कि सड़कों पर चल रहे लोग इधर-उधर छिपने के लिए मजबूर हो गए। कई जगह लोग दुकानों के शटर के नीचे, बस स्टॉप और मकानों की छतों के नीचे खड़े होकर बारिश थमने का इंतजार करते नजर आए।

बारिश का आलम ऐसा था मानो बादल फट पड़ेंगे। तेज बारिश के कारण मुख्य बाजार, बस स्टैंड, स्टेशन रोड, मिशन चौक, माधवनगर, बरही रोड सहित शहर के अधिकांश इलाके पानी से भीग गए। शहर ही नहीं बल्कि उपनगरीय क्षेत्रों में भी तेज बारिश होने की खबरें मिली हैं, जिससे ग्रामीण और बाहरी क्षेत्रों में भी जनजीवन प्रभावित हुआ।

समाचार लिखे जाने तक लगातार बारिश जारी थी, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई। सबसे ज्यादा दिक्कत फुटपाथ पर व्यवसाय करने वाले दुकानदारों को हुई। अचानक आई बारिश के कारण कई दुकानदारों को अपना सामान समेटने तक का मौका नहीं मिला और कपड़े, फल-सब्जी व अन्य सामान भीग गया।

इधर, चेतरीचन्द के अवसर पर निकलने वाली शोभायात्रा भी तेज बारिश के कारण प्रभावित हुई। बारिश शुरू होते ही आयोजन समिति और श्रद्धालुओं को कार्यक्रम की व्यवस्था संभालने में परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर लोगों को रुकना पड़ा और शोभायात्रा की गति धीमी हो गई।

बारिश से जहां मौसम ठंडा हुआ, वहीं अचानक हुई तेज बरसात ने शहर की व्यवस्थाओं की पोल भी खोल दी। कई जगह जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। यदि बारिश इसी तरह जारी रही तो रात तक और अधिक परेशानी बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

Exit mobile version