कटनी, 13 मई : कटनी में आपदा प्रबंधन को लेकर कलेक्टर ने दिए महत्वपूर्ण निर्देश, नागरिक सुरक्षा के लिए पूरी तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा। जिले में संभावित आपदाओं और आपात परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव ने सभी संबंधित विभागों को नागरिक सुरक्षा और आपदा प्रबंधन के तहत संपूर्ण तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। यह निर्देश उन्होंने सिविल डिफेंस की बैठक के दौरान दिए, जिसमें जिले के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
बैठक में बताया गया कि 12 सेवाओं के लिए विशेष कमेटियां गठित कर दी गई हैं और उनके लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, जो आपात स्थिति में अपने दायित्वों का पालन करेंगे।
ट्रेनिंग और जागरूकता पर ज़ोर
- जनप्रतिनिधियों (सरपंच, पार्षद) की ट्रेनिंग बुधवार से शुरू होगी।
- सायरन, मॉक ड्रिल व सोशल मीडिया के माध्यम से सूचना प्रसारण की ट्रेनिंग दी जाएगी।
- 1500 वॉलंटियर्स का रजिस्ट्रेशन कर उन्हें प्रशिक्षित किया जाएगा, जिनमें एनसीसी कैडेट्स व पूर्व सैनिक भी शामिल होंगे।
- एम्बुलेंस व फायर ब्रिगेड कर्मियों को भी आपातकालीन परिस्थितियों में कार्य करने हेतु प्रशिक्षित किया जाएगा।
सुरक्षा के व्यापक निर्देश
- परिवहन विभाग को स्कूल बसों की फिटनेस और बीमा की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश।
- सभी विभागों को अपनी-अपनी एसओपी (SOP) तैयार कर जल्द प्रस्तुत करने के आदेश।
- पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम, सायरन, रेड और ग्रीन अलर्ट व्यवस्था पर विशेष ज़ोर।
खाद्य, ऊर्जा, पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग को अपनी जिम्मेदारियों का सतत निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश। कलेक्टर यादव ने जिले में 24×7 कंट्रोल रूम स्थापित करने के भी निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सके। साथ ही, कंट्रोल रूम के संपर्क नंबर का व्यापक प्रचार करने के आदेश दिए गए हैं। कटनी में आपदा प्रबंधन को लेकर कलेक्टर ने दिए महत्वपूर्ण निर्देश, नागरिक सुरक्षा के लिए पूरी तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा

