रोड मार्किंग एवं जेब्रा क्रॉसिंग से सुदृढ़ हो रही नगर की यातायात व्यवस्था,सुगम, सुरक्षित एवं अनुशासित आवागमन सुनिश्चित करने नगर निगम के प्रयास निरंतर जार
कटनी – नगर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं नागरिक हितैषी बनाने की दिशा में नगर निगम प्रशासन द्वारा निरंतर सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शहर के प्रमुख मार्गों एवं व्यस्त बाजार क्षेत्रों में रोड मार्किंग एवं जेब्रा क्रॉसिंग निर्माण का कार्य तेजी से कराया जा रहा है, जिससे नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो सके।
इन मार्गों में रोड मार्किंग का कार्य पूर्ण
सिटी ट्रांसपोर्ट मैनेजर श्री योगेश पवार ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम द्वारा प्रारंभ किए इस कार्य के प्रथम चरण में शहर के मुख्य मार्गों में बरगवां से बिलहरी मोड तक रोड मार्किंग एवं जेब्रा क्रॉसिंग का कार्य पूर्ण किया गया। जबकि द्वितीय चरण में सागर पुलिया से साउथ स्टेशन मेन रोड, बाबा नारायण शाह वार्ड पीडब्ल्यूडी कॉलोनी, माधवनगर उप कार्यालय मुख्य मार्ग, घंटाघर से गर्ग चौराहा, नई बस्ती मिशन चौक, अहिंसा तिराहा, सुभाष चौक, मुख्य रेलवे स्टेशन मार्ग, आजाद चौक एवं जगन्नाथ चौक सहित विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों में रोड मार्किंग एवं जेब्रा क्रॉसिंग निर्माण का कार्य पूर्ण किया जा चुका है।
यातायात संचालन होगा अनुशासित
नगर निगम द्वारा चरणबद्ध तरीके से शहर के प्रमुख एवं व्यस्त मार्गों पर यह कार्य कराया जा रहा है। मार्गों पर स्पष्ट लाइन मार्किंग, लेन निर्धारण एवं जेब्रा क्रॉसिंग बनाए जाने से यातायात संचालन अधिक अनुशासित होगा तथा वाहन चालकों एवं पैदल यात्रियों दोनों को सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से बाजार क्षेत्रों एवं विद्यालयों के आसपास यह कार्य नागरिक सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सड़क पार करने में सुरक्षा एवं सुविधा
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि जेब्रा क्रॉसिंग के माध्यम से पैदल यात्रियों, स्कूली विद्यार्थियों एवं वरिष्ठ नागरिकों को सड़क पार करने में सुरक्षा एवं सुविधा प्राप्त होगी। वहीं रोड मार्किंग से वाहन चालकों को निर्धारित दिशा एवं लेन का स्पष्ट संकेत मिलेगा, जिससे यातायात व्यवस्था अधिक सुचारु एवं नियंत्रित बनी रहेगी।
नागरिकों से अपील
नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित लेन में वाहन चलाएं तथा जेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग कर सुरक्षित एवं अनुशासित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में अपना सक्रिय सहयोग प्रदान करें। नगर निगम का यह प्रयास केवल सड़क सौंदर्यीकरण तक सीमित न होकर नागरिक सुरक्षा, यातायात अनुशासन एवं आधुनिक शहरी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

