नागरिकों के सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की दिशा में निगम प्रशासन के प्रयास सतत् जारी,जिला न्यायालय झिंझरी से हाउसिंग बोर्ड मुख्य मार्ग एवं माधव नगर क्षेत्र में रोड मार्किंग एवं जेब्रा क्रॉसिंग का कार्य पूर्ण
नागरिकों के सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की दिशा में निगम प्रशासन के प्रयास सतत् जारी,जिला न्यायालय झिंझरी से हाउसिंग बोर्ड मुख्य मार्ग एवं माधव नगर क्षेत्र में रोड मार्किंग एवं जेब्रा क्रॉसिंग का कार्य पूर्ण
कटनी। शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित एवं नागरिक अनुकूल बनाने की दिशा में निगम प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नगर के प्रमुख एवं व्यस्ततम मार्गों पर रोड मार्किंग एवं जेब्रा क्रॉसिंग निर्माण का कार्य लगातार गति पकड़ रहा है। जिला न्यायालय से शुरू किया गया यह कार्य शुक्रवार को माधवनगर क्षेत्र, हाउसिंग बोर्ड मुख्य मार्ग तक पहुंचा, जहां सड़क सुरक्षा मानकों के अनुरूप आवश्यक चिन्हांकन का कार्य कराया गया।
नगर निगम द्वारा कराए जा रहे रोड मार्किंग कार्य के अंतर्गत सड़कों पर मेन लाइन, स्टॉप लाइन, दिशा संकेत एवं जेब्रा क्रॉसिंग बनाए जा रहे हैं, जिससे यातायात संचालन अधिक सुगम एवं अनुशासित हो सके। विशेष रूप से तिराहों, चौराहों एवं अधिक आवागमन वाले क्षेत्रों में जेब्रा क्रॉसिंग बनाए जाने से पैदल राहगीरों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल रही है।
इन स्थलों में कार्य हुआ पूर्ण
इस संबंध में सिटी ट्रांसपोर्ट मैनेजर श्री योगेश पवार ने बताया कि नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार द्वारा नगर निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों के अनुपालन में निगम प्रशासन द्वारा जिला न्यायालय, झिंझरी बस स्टैंड, जेल तिराहा, पुलिस लाइन होमग्राउंड, यातायात थाना, झिंझरी हनुमान मंदिर, बिलहरी मोड, होटल टीजीएस, कार्यालय कलेक्ट्रेट के सामने, दुगड़ी नाला, विश्राम बाबा, माधव नगर, हाउसिंग बोर्ड इंटर सेक्शन में रोड मार्किंग ओर जेब्रा क्रॉसिंग का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त शनिवार प्रातः माधव नगर कैंप रोड पर स्पीड ब्रेकर रोड मार्किंग एवं द्वारका सिटी चौराहे पर ज़ेब्रा क्रॉसिंग निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है।
आगामी दिनों में अन्य प्रमुख मार्गों एवं चौराहों पर भी रोड मार्किंग का कार्य कराया जाएगा, जिससे पूरे शहर में यातायात व्यवस्था को अधिक बेहतर एवं सुरक्षित बनाया जा सके।
दुर्घटना की संभावना पर लगेगा नियंत्रण
निगम प्रशासन का मानना है कि सड़क पर स्पष्ट संकेत एवं व्यवस्थित चिन्हांकन न केवल दुर्घटनाओं की संभावना को नियंत्रित करते हैं, बल्कि वाहन चालकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता भी बढ़ाते हैं। यही कारण है कि शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर चरणबद्ध तरीके से रोड सेफ्टी से जुड़े कार्य कराए जा रहे हैं।
नागरिकों से अपील
निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क संकेतों एवं जेब्रा क्रॉसिंग का पालन करते हुए जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं तथा सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने में सहयोग प्रदान करें।

