प्रदेश के कई जिलोंं में गर्मी की वजह से बंद हुए स्कूल लेकिन कटनी अछूता, जिले में भी स्कूली बच्चों को राहत देने स्कूल बंद करने की उठने लगी मांग
प्रदेश के कई जिलोंं में गर्मी की वजह से बंद हुए स्कूल लेकिन कटनी अछूता, जिले में भी स्कूली बच्चों को राहत देने स्कूल बंद करने की उठने लगी मां
कटनी(YASHBHARAT.COM)। मध्यप्रदेश में गर्मी के तेवर और तीखे हो गए हैं। गर्म हवाओं और बढ़ते तापमान ने दिनभर लोगों को बेहाल रखा। हालांकि मौसम विभाग ने अभी लू की आधिकारिक स्थिति से इनकार किया है लेकिन हालात लू जैसे महसूस होने लगे हैं। शहर में भी पारा 41 डिग्री पर पहुंच रहा है रात भी जमकर तप रही है। खास बात यह है कि पहली बार हवाओं में तेज गर्माहट साफ महसूस हो रही है, जिसने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 30 अप्रेल तक तापमान और बढ़ेगा और लू की स्थिति बन सकती है। ऐसे में स्कूलों के लिए भी अलर्ट जारी किया गया है। भीषण गर्मी के कारण प्रदेश के 4 जिलों में स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है लेकिन कटनी जिले में भीषण गर्मी के बावजूद स्कूलों में अवकाश घोषित नहीं किया जा रहा है, जिसके कारण स्कूली बच्चे भीषण गर्मी में परेशान व बीमार हो रहे हैं। इसके बावजूद प्रशासन व शिक्षा विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है जबकि शिक्षा विभाग चाहे तो जिन जिलों में गर्मी के कारण स्कूल बंद हुए हैं, उन्हीं जिलों का हवाला देते हुए यहां भी स्कूल बंद करने संबंधी आदेश जारी कर सकता है। बहरहाल मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए प्रदेश का शिक्षा विभाग भी स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए सक्रिय हो गया है। अलर्ट का हवाला देते हुए विभाग ने स्कूलों को निर्देश दिया है कि आउटडोर असेंबली को सीमित किया जाए या इसे छायादार स्थानों पर कराया जाए। किसी भी हाल में खुले में कक्षाएं न लगाई जाएं। शिक्षा विभाग ने स्कूलों में वॉटर बेल सिस्टम पर भी जोर दिया है। स्कूलों से स्टूडेंट को पानी पीते रहने की सलाह देने को कहा गया है। इसके लिए हर 45.60 मिनट में घंटी बजाकर स्टूडेंट्स को पानी पीने की याद दिलाने के निर्देश भी दिए गए हैं। गौरतलब है कि जबलपुर, दमोह, रतलाम में नर्सरी से पांचवीं तक 30 अप्रेल तक अवकाश घोषित किया गया है। पन्ना जिले में भी 6वीं से 8वीं तक 30 अप्रेल तक अवकाश घोषित किया जा चुका है।
बजरंग दल ने दी चेतावनी
उधर भीषण गर्मी के बावजूद स्कूलों में अवकाश घोषित न किए जाने के मामले को बजरंग दल व विश्व हिंदू परिषद ने गंभीरता से लिया है और शिक्षा विभाग को चेतावनी दी है कि यदि सोमवार तक स्कूलों में अवकाश घोषित नहीं किया गया तो बजरंग दल व विश्व हिंदू परिषद संयुक्त रूप से शिक्षा विभाग के विरूद्ध आंदोलन धरना प्रदर्शन करने बाध्य होगा। बजरंग दल व विश्व हिंदू परिषद के प्रदेश सह संयोजक राहुल दुबे का कहना है कि भीषण गर्मी को देखते हुए प्रदेश के अधिकांश जिलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है लेकिन कटनी जिले में गर्मी के तेवर तीखे होने के बावजूद अवकाश घोषित नहीं किया जा रहा है। जिससे स्कूलों में बच्चे परेशान हो रहे हैं। इसलिए शिक्षा विभाग तत्काल स्कूलों में अवकाश घोषित करे।